Patna : बिहार कांग्रेस में जारी अंदरूनी विवाद के बीच असंतुष्ट नेताओं का एक दल आज यानी मंगलवार को राहुल गांधी से मुलाकात करने की तैयारी में है। कांग्रेस कमेटी के सदस्य आनंद माधव, पूर्व विधायक छत्रपति यादव सहित करीब आधा दर्जन नाराज नेता सोमवार को ही दिल्ली रवाना हो गए थे। इन नेताओं ने राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है। असंतुष्ट खेमे की मुख्य मांग प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को हटाने की है। नाराज कांग्रेसियों का आरोप है कि दोनों नेताओं ने टिकट वितरण में गड़बड़ी की और “टिकट बेचने” जैसी गतिविधियों में शामिल रहे।
बिहार कांग्रेस ने 7 नेताओं को 6 साल के लिए निष्कासित किया
उधर, पार्टी-विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए बिहार कांग्रेस ने सोमवार को सात नेताओं को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। निष्कासित नेताओं में कांग्रेस सेवा दल के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्य पासवान, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष शकीलुर रहमान, किसान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार राजन, अति पिछड़ा विभाग के पूर्व अध्यक्ष कुंदन गुप्ता, बांका जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कंचना कुमारी और नालंदा के रवि गोल्डन शामिल हैं।
संविधान बचाओ कार्यक्रम आज
इधर, संविधान दिवस के अवसर पर आज कांग्रेस पूरे बिहार में “संविधान बचाओ” कार्यक्रम का आयोजन करेगी। सभी जिला मुख्यालयों में “संविधान संरक्षण और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा” विषय पर विशेष विचार-गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें वरिष्ठ नेता, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, वकील और युवा भाग लेंगे।

Also Read : बिहार में ठंड का प्रकोप बढ़ा, कई जिलों में छाया घना कोहरा

