Deoghar : देवघर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में रविवार की मध्यरात्रि को पूरे जिले में एक साथ विशेष अभियान ‘ऑपरेशन वज्र’ चलाया गया। इस अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में समन्वित रूप से छापेमारी की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य वांछित अपराधियों, फरार वारंटियों तथा विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी करना था। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई में एक ही रात में 40 अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, 44 लंबित वारंटों का निष्पादन भी किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से जिलेभर के अपराधियों में हड़कंप मच गया।
अभियान में एसपी के नेतृत्व में 03 एसडीपीओ, 18 थाना प्रभारी, 58 पुलिस पदाधिकारी तथा 74 पुलिस जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई छापेमारी के कारण कई फरार अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एसपी ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read : मालवरिया लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो नाबालिग समेत चार को पुलिस ने दबोचा


