Deoghar : जिले के जसीडीह और सारवा थाना क्षेत्र में बीते दिनों आम नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गई लूट की शिकायतों के बाद पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की है। SP सौरभ कुमार के स्पष्ट निर्देश पर जिले के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसका नतीजा अब सामने आया है।
देवघर एसडीपीओ अशोक सिंह और जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि लूट की घटनाओं के खुलासे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी हैं: शिवम राय, सौरभ श्रृंगारी, साहिल चौधरी और नीरव दास, जो जसीडीह थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट का कई महंगा सामान बरामद किया, जिसमें दो एलईडी टीवी, एक ड्रोन, तीन कैमरे, 11 मोबाइल, एक कार, दो बाइक, एक बुलेट और एक लैपटॉप शामिल हैं।
एसडीपीओ अशोक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास जांचा जा रहा है। फिलहाल चारों आरोपियों से जसीडीह थाना में पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है और आने वाले दिनों में इस लूटकांड से जुड़े और भी अहम खुलासे सामने आने की संभावना है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी मुस्तैदी और मजबूती के साथ जारी है। शहर में नागरिकों की सुरक्षा के लिए कई जगहों पर टीओपी लगाई गई हैं और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे राहगीरों के साथ छिनतई और लूट जैसी घटनाओं को रोका जा सके।


