Ranchi/Ramgarh : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को भारत रत्न दिए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को नेमरा से रांची तक 86 किलोमीटर की पदयात्रा की शुरुआत हुई। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय युवा शक्ति के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है। पदयात्रा का शुभारंभ गुरूजी के पैतृक आवास नेमरा से हुआ। इस अवसर पर गुरूजी की भतीजी रेखा सोरेन ने उनके घर की पवित्र मिट्टी पदयात्रियों को सौंपकर यात्रा का आरंभ कराया। वहीं, पैतृक आवास परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय युवा शक्ति के केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव ने किया। पहले दिन करीब 300 से अधिक कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल हुए। यात्रा का पहला पड़ाव गोला रखा गया, जहां आज रात सभी कार्यकर्ता विश्राम करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह पदयात्रा तीन दिनों तक चलेगी। 07 सितम्बर को यात्रा राजभवन, रांची पहुंचेगी, जहां राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के जरिए गुरुजी को भारत रत्न सम्मान दिए जाने की मांग उठाई जाएगी। इसके अलावा पदयात्रियों द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी ज्ञापन और नेमरा की पवित्र मिट्टी सौंपी जाएगी।
आज की पदयात्रा में उमेश साहू, सावन लिंडा, नितेश वर्मा, शैलेश नंद तिवारी, रोहित यादव, सोनू गुप्ता, आर्यन मेहता, बबलू करमाली, दिलीप यादव, अमित वर्मा और रौनक सिंह समेत बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
Also Read : हाल झारखंड पुलिस का : समय पर चार्जशीट जमा नहीं होने से अभियुक्त को मिली राहत, एसपी ने डीजीपी को लिखा पत्र