Ranchi : रांची के ओरमांझी बाजार में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविर लगाया गया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता का मतलब सिर्फ रोजगार या आय बढ़ाना नहीं है, बल्कि उनके स्वास्थ्य, पोषण, आवास और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना भी है। कार्यक्रम में एलएडीसी सहायक वीरेन्द्र प्रताप ने झालसा की ‘आत्मनिर्भरता योजना’ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के जरिए गरीबी रेखा से नीचे जीवन गुजारने वाली महिलाओं की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि उनका जीवन बेहतर हो सके।
पेंशन, राशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने पर जोर
वीरेन्द्र प्रताप ने कहा कि आत्मनिर्भरता योजना के तहत महिलाओं को सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रखा गया है। इसमें मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों को भी शामिल किया गया है। जरूरतमंद महिलाओं को पेंशन, राशन और अन्य गरीबी उन्मूलन योजनाओं का लाभ दिलाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने लोगों को नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की भी जानकारी दी और बताया कि जरूरत पड़ने पर यहां से मुफ्त कानूनी सहायता ली जा सकती है।
बाल विवाह, बाल श्रम और नशा उन्मूलन पर भी जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान डालसा के पीएलवी सदस्यों ने लोगों को बाल विवाह, बाल श्रम, नशा उन्मूलन, डायन-बिसाही जैसी सामाजिक बुराइयों और उनसे जुड़े कानूनों की जानकारी दी। लोगों को समझाया गया कि ऐसी घटनाओं की जानकारी मिलने पर कानूनी मदद कैसे ली जा सकती है। पीएलवी किरण कुमारी और भूप्रताप महतो ने नालसा की 10 प्रमुख योजनाओं के बारे में लोगों को बताया। साथ ही यह भी समझाया कि गरीब और जरूरतमंद लोग निःशुल्क विधिक सेवा कैसे प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, पीएलवी षिला तिग्गा और दीपक गंझू ने मजदूर वर्ग और गरीब तबके के लोगों को वृद्धा पेंशन, मजदूर निबंधन कार्ड और उससे मिलने वाले सरकारी लाभों की जानकारी दी।
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर भी दी जानकारी
डालसा की टीम ने आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। बताया गया कि यहां कई मामलों का त्वरित और आपसी सहमति से निपटारा कराया जा सकता है। यह कार्यक्रम झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और रांची न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मौके पर डालसा सचिव राकेश रौशन के साथ रंजीत महतो, आशीष बैठा, संतोष कुमार, जगमोहन मुंडा समेत कई लोग मौजूद रहे। अंत में लोगों के बीच पंपलेट और लिफलेट बांटकर जागरूकता संदेश दिया गया।
Also Read : रिम्स जमीन घोटाला : ACB ने कोर्ट में दाखिल किया जवाब, अब 14 मई पर टिकी नजर


