Ranchi : रांची में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में लिंक ओपन करते ही युवक के बैंक खातों से करीब 1.93 लाख रुपये उड़ा लिए गए, जबकि दूसरे मामले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लगभग दो लाख रुपये की ठगी कर ली गई। दोनों मामलों में साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पहला मामला ओरमांझी निवासी बबन वर्मा से जुड़ा है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर आरटीओ के नाम से एक लिंक भेजा गया था। गलती से लिंक ओपन करते ही उनके एक्सिस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक खाते से कुल 1 लाख 93 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी
दूसरा मामला गुमला निवासी चंदन कुमार का है, जो वर्तमान में सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर कार्यालय, धुर्वा में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग का ऑफर मिला था। चंदन कुमार को बाद में एक व्हाट्सएप नंबर से जोड़ा गया, जहां उन्हें मोटे मुनाफे का लालच दिया गया। पहले उनसे 50 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद ज्यादा लाभ का भरोसा देकर अलग-अलग चरणों में 70 हजार और फिर 80 हजार रुपये जमा करवाए गए।
फीस और चार्ज के नाम पर ठगी
आरोपियों ने ट्रेडिंग फीस और प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पैसे लिए, लेकिन रकम वापस नहीं की। काफी समय बाद पीड़ित को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान लिंक को ओपन न करें और ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
Also Read : JTET नियमों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू, उच्च स्तरीय समिति करेगी भाषा प्रावधानों की समीक्षा


