Jamshedpur : मानगो प्रखंड कांग्रेस कमिटी ने जिला उपायुक्त-सह-निर्वाची पदाधिकारी को एक पत्र लिखकर भाजपा और जदयू के कार्यकर्ताओं पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने दोनों दलों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर कुमार सिंह की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है, इसके बावजूद भाजपा और जदयू के कार्यकर्ता मानगो नगर निगम पदाधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी सामग्री (बाल्टी) का वितरण कर रहे हैं।
कांग्रेस ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जदयू और भाजपा नेताओं पप्पू सिंह, विजय तिवारी, अजीत सिंह उर्फ जीतू प्रमार और बाला प्रसाद द्वारा आम नागरिकों को सरकारी वस्तुएं बांटी गई हैं। इस वितरण की तस्वीरें और वीडियो जदयू नेता अजीत कुमार सिंह के फेसबुक अकाउंट पर साझा किए गए हैं, जिनमें सरकारी सामग्रियों का प्रचार-प्रसार खुलेआम देखा जा सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वर कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आदर्श आचार संहिता के दौरान सरकारी वस्तुओं का वितरण या किसी को लाभ पहुंचाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। बावजूद इसके, भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं ने इसका उल्लंघन किया है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सिंह गुड्डू ने आरोप लगाया कि यह कृत्य आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है और इसमें नगर निगम अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है।
Also Read : बिहार चुनाव 2025 : अररिया में PM मोदी का विपक्ष पर जोरदार हमला, कहा – ‘फिर एक बार NDA सरकार’

