Palamu : पलामू जिला अंतर्गत मेदिनीनगर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं तकनीकी रूप देने के उद्देश्य से संयुक्त नियंत्रण कक्ष (Composite Control Room – CCR) का शुभारंभ किया गया। यह नया नियंत्रण कक्ष SP कार्यालय, ब्लॉक-बी परिसर में स्थापित किया गया है।
इसका विधिवत उद्घाटन डालटनगंज के विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने किया। इस अवसर पर पलामू प्रक्षेत्र के IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, DC समीरा एस., SP रीष्मा रमेशन, झामुमो के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिन्हा और जिला सचिव सन्नू सिद्दीकी भी मौजूद रहे।
संयुक्त नियंत्रण कक्ष से पूरे मेदिनीनगर शहर की निगरानी की जाएगी। इसमें लगे कुल 113 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। कैमरे अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं, जो वाहन की नंबर प्लेट पहचानने और 360 डिग्री दृश्य कैप्चर करने में सक्षम हैं।

इस केंद्र को डायल 112 इमरजेंसी सेवा से भी जोड़ा गया है, जिससे किसी भी दुर्घटना, आगजनी या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता मिल सकेगी।
संयुक्त नियंत्रण कक्ष के शुरू होने से अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा प्रतिक्रिया और सार्वजनिक सुरक्षा में निश्चित रूप से सुधार होगा। यह पहल पलामू जिले में पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावशाली तथा आधुनिक बनाएगी।
Also Read : जमशेदपुर के मानगो चौक पर अचानक हुआ ट्रक का ब्रेक फेल, फिर…