Patna : बिहार में ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। मंगलवार की सुबह पटना, बेतिया, बगहा, समस्तीपुर, गोपालगंज, मधेपुरा, सुपौल, बेगूसराय और जहानाबाद सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी 100 मीटर तक गिर गई, जिससे वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है। सुबह के समय कोहरा घना रहेगा, लेकिन दिन में धूप निकलने से मौसम थोड़ा सामान्य हो जाएगा। रात के तापमान में भी लगातार गिरावट जारी रहेगी। पटना में अगले कुछ दिनों में पारा 1–2 डिग्री तक नीचे जा सकता है।
बेगूसराय, गोपालगंज, खगड़िया, सारण और किशनगंज सहित उत्तरी और उत्तर-पूर्वी बिहार में सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया। कई जगह विजिबिलिटी 100-200 मीटर तक रही, जिससे यातायात की रफ्तार पर असर पड़ा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं की वजह से बिहार में ठंड बढ़ रही है। हवा की दिशा उत्तर–पश्चिम होने से तापमान में गिरावट हुई है और नमी बढ़ने से रात व सुबह कोहरा ज्यादा बन रहा है। अगले दो–तीन दिनों तक घना कोहरा और दिन में हल्की धूप का यही मौसम बने रहने की संभावना है।

