Ranchi : झारखंड में मौसम अब पूरी तरह बदल गया है। सुबह और शाम के वक्त गुलाबी ठंड के साथ कंपकंपी बढ़ गई है। लोग अब स्वेटर और जैकेट पहनकर बाहर निकल रहे हैं। दिन में तेज धूप जरूर निकल रही है, लेकिन शाम को ठंडी हवाएं लोगों को सर्दी का एहसास करा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 8 नवंबर तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा, जबकि 9 नवंबर से ठंड और बढ़ने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
मंगलवार को राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) इस प्रकार रहा — रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहा, जबकि AQI 158 दर्ज किया गया। जमशेदपुर में तापमान 30/16 डिग्री और AQI 154 रहा। धनबाद में तापमान 28/16 डिग्री तथा AQI 120, जबकि बोकारो में 27/16 डिग्री तापमान और AQI 100 दर्ज किया गया।
हवा का रुख बदला, ठंड बढ़ने के संकेत
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। दिन में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है। बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब हवा उत्तरी दिशा से चल रही है, जो सर्दी की शुरुआत का संकेत है।

पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में झारखंड में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम साफ और शुष्क रहा। सरायकेला में सबसे अधिक तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रहा।
Also Read : हेमंत कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले : सिंचाई, सड़क, आवास और खेल क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात

