Ranchi : झारखंड के CM हेमंत सोरेन से बुधवार को उनके आवासीय कार्यालय में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामले विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक ने मुलाकात की। इस दौरान उन्हें 24 से 26 अक्टूबर तक रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होने वाली चौथी साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (सैफ) सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर को शाम 6 बजे से होगा।
खेल मंत्री ने दी तैयारियों की जानकारी
मंत्री सुदिव्य कुमार ने CM को चैंपियनशिप की तैयारियों के बारे में बताया। उन्होंने आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी दी।
CM ने जताया गर्व
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड का इस अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी करना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करता रहा है। इस चैंपियनशिप का आयोजन भव्य और शानदार हो, ताकि खेल के क्षेत्र में झारखंड की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान बने।”

Also Read : घर में सो रही बुजुर्ग महिला की ग’ला रेतकर ह’त्या, गांव में सनसनी