Ranchi : झारखंड के CM हेमंत सोरेन ने आज यानी गुरुवार को विधानसभा में एक कार्यक्रम में तीन दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। ये कर्मचारी थे- गुमला जिला पुलिस के कांस्टेबल स्व. अजीत कुमार, सरायकेला जिला पुलिस के आरक्षी स्व. अनिल कुमार झा और जामताड़ा के राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक स्व. सुशील कुमार मरांडी।
CM ने कहा कि राज्य सरकार अपने उन कर्मचारियों के परिवारों के साथ हमेशा खड़ी है, जो ड्यूटी के दौरान हादसे में जान गंवाते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे परिवारों को उनका पूरा हक देने के लिए सरकार प्रयासरत है। इसी के तहत आज तीन कर्मचारियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
परिवारों ने जताया आभार
दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों ने CM का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम सराहनीय है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बीमा योजना के तहत मिली इस राशि से उनके परिवार का खर्च और बच्चों की पढ़ाई में बड़ी मदद मिलेगी।
इस मौके पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के झारखंड हेड विवेक चंद्र जायसवाल, उप महाप्रबंधक मनोज कुमार और मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडे सहित अन्य लोग मौजूद थे।