Patna : नई सरकार के गठन के बाद शुक्रवार को विभागों का बंटवारा होना है। इससे पहले एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। चिराग पासवान ने कहा कि 2009 पार्टी के लिए सबसे कठिन समय था, लेकिन 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लोजपा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की मजबूत उपस्थिति रही।
चिराग ने कहा कि पिता के निधन के बाद भी मैं अकेले चुनाव लड़ने के फैसले पर अडिग रहा। उन्होंने घोषणा की कि 28 नवंबर को पार्टी का स्थापना दिवस पटना में भव्य रूप से मनाया जाएगा। साथ ही, जनवरी में खरमास समाप्त होने के बाद पार्टी पूरे बिहार की यात्रा शुरू करेगी, जिसमें राज्य की छोटी-छोटी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चिराग ने बताया कि दलित सेना का पुनर्गठन किया जाएगा, और इसकी जिम्मेदारी अरुण भारती को सौंपी गई है।
मंत्री पद की शपथ
चिराग पासवान की पार्टी से संजय कुमार पासवान और संजय सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। संजय कुमार पासवान बखरी सीट से विधायक हैं। संजय सिंह महुआ से विधायक हैं और उन्होंने लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव को हराया। शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को गांधी मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान मंच पर चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और जेपी नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

Also Read : 80 करोड़ के जहर और शल्क के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

