
Chatra : चतरा पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लाख रुपये की ठगी के एक मामले में आरोपी को देवघर से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मुन्ना मंडल (उम्र 29), देवघर जिले के खागा गांव का निवासी है।
चतरा एसपी सुमीत अग्रवाल ने बताया कि करीब दो महीने पहले टंडवा निवासी अशोक कुमार प्रजापति ने प्रतापपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खाते से 7 लाख 1 हजार रुपये साइबर ठगों ने धोखे से निकाल लिए। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने इसकी जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया, जिसकी कमान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन को सौंपी गई।
तकनीकी टीम की मदद से छानबीन की गई और ट्रैकिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बना ली गई। आखिरकार पुलिस ने मुन्ना मंडल को देवघर से दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो बरामद की। इन सभी का इस्तेमाल साइबर अपराध में किया गया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुन्ना मंडल पहले भी साइबर क्राइम में लिप्त रहा है। देवघर साइबर थाना में उसके खिलाफ पहले से ही एक मामला (कांड संख्या 17/21) दर्ज है।
Also Read : झारखंड CID ने अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन बाल शोषण नेटवर्क का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार