Chatra : झारखंड के चतरा जिले में बकरीद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। शनिवार को समाहरणालय सभा कक्ष में ईद-उल-जुहा (बकरीद) 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई, बिजली, पानी और ट्रैफिक व्यवस्था तक की तैयारियों की समीक्षा की गई।


