Ranchi : रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ किया है। दो कंटेनर ट्रक जब्त किए गए हैं। इन कंटेनरों में कुल 60 से अधिक गोवंशीय पशु क्रूरता पूर्वक वाहन की क्षमता से अधिक लादे गए थे। दोनों वाहनों में चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी।
पहला कंटेनर पकड़ा गया
21 सितंबर की रात को गुप्त सूचना मिली कि चन्दवे ओरमांझी मुख्य मार्ग पर एक कंटेनर में गोवंशीय पशु लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। पिठोरिया थाना क्षेत्र में छापामारी के दौरान कंटेनर वाहन संख्या UP21BN2353 पकड़ा गया। वाहन की जांच में पाया गया कि इसमें 29 भैंस वाहन की क्षमता से अधिक संख्या में क्रूरता पूर्वक लोड की गई थीं। चालक मौके से भाग गया।
दूसरा वाहन भी जप्त
22 सितंबर को रात 1.40 बजे दूसरी गुप्त सूचना पर पुलिस ने चतुर मोड़ से चन्दवे चौक की ओर जा रहे कंटेनर वाहन संख्या UP21CT6745 को खैरटोला चन्दवे के पास जप्त किया। वाहन में 31 गोवंशीय पशु (बैल) पाए गए। यह वाहन भी लावारिश एवं क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा था। दोनों वाहनों में पशुओं के लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी।
कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान
पुलिस ने पिठोरिया थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस गोवंशीय तस्करी के स्रोत और गंतव्य स्थल की जानकारी जुटा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई कर रही है।
Also Read : जेसीआई के एक्सपो उत्सव का हुआ भव्य समापन, अगले साल फिर लौटने का लिया संकल्प