Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय के परिसर में एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ। जैसे ही यह खबर फैली, आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ स्थानीय लोग स्कूल के पास से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर स्कूल परिसर के अंदर पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह एक किशोरी का शव है। इसके बाद तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, इलाके को किया सील
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर सील कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। मृतका की उम्र लगभग 14 से 15 वर्ष बताई जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह लड़की कल शाम से ही लापता थी, जिसकी तलाश परिजन कर रहे थे। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़की के शरीर पर घसीटे जाने और हाथापाई के निशान पाए गए हैं। स्थिति को देखते हुए लोगों ने आशंका जताई है कि पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
लोगों में आक्रोश, जांच तेज करने की मांग
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। परिजन और स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष और तेज जांच की मांग कर रहे हैं। कई लोग इसे बेहद दर्दनाक और गंभीर घटना बता रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाने की तैयारी कर रही है, ताकि मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें और जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
Also Read : जेटेट भाषा विवाद पर बड़ा फैसला, सरकार ने बनाई पांच मंत्रियों की समिति


