Bokaro : बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक की बॉडी रेलवे ट्रैक पर मिली। मृतक की शिनाख्त बनसिमली गांव निवासी बीरबल आचार्य के तौर पर की गई है। वह बीएसएल प्लांट में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था।
मिली जानकारी के अनुसार बीरबल पिछले कुछ समय से कर्ज के बोझ से परेशान था। मृतक के पिता कार्तिक आचार्य ने बताया कि उनके बेटे ने एक व्यक्ति से 2 लाख रुपये उधार लिए थे। बीरबल ने अपने पिता से कहा था कि अगर वह कर्ज नहीं चुका पाया, तो आत्महत्या कर लेगा। पिता ने किसी तरह 2 लाख रुपये जुटाकर उसे दे भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद वह मानसिक रूप से परेशान था।
सोमवार सुबह बीरबल शौच के लिए घर से निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। बाद में गांववालों ने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव देखा और इसकी सूचना परिवार को दी। परिजनों ने स्पॉट पर पहुंचकर शव की पहचान की।

घटना की जानकारी मिलते ही बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई एस. मुर्मू ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
Also Read : घाटशिला उपचुनाव पर CCTV और वेबकास्टिंग से रहेगी कड़ी नजर : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

