Nalanda : नालंदा जिले में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे नदी में एक बॉडी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव से सामने आई है। गांव से महज दो किलोमीटर दूर धनायन नदी में बॉडी बरामद की गई है। मृतक की शिनाख्त 24 साल के गिरबल कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गिरबल की हत्या कर नदी में फैकी गई है, क्योंकि बॉडी पर गहरे जख्म और गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले है।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिहटा–सरमेरा मुख्य पथ को गोपालबाद के पास बॉडी रखकर जाम कर दिया। घटना की सूचना पर सरमेरा, बिंद और अस्थावां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए लोगों ने अस्थावां थाना की गाड़ी पर चढ़कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। गिरबल की बहन रानी सिन्हा ने मीडिया को बताया कि शनिवार रात 10 बजे आखिरी बार गिरबल से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल गांव के पास लोकेशन दिखाने के बाद बंद हो गया। परिजनों ने 3 अगस्त को अपहरण की FIR दर्ज कराई थी, जिसमें चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मृतक गिरबल के भाई इंद्रजीत कुमार ने मीडिया को बताया कि गिरबल पटना में काम करता था और हाल ही में गांव लौटा था। 2 अगस्त की रात वह चार दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। रात 9 बजे तक सभी साथ थे, लेकिन घर लौटने के लिए कहने पर उसने थोड़ी देर बाद आने की बात कही। रात 12 बजे तक वह नहीं लौटा। खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला और दोस्तों ने अनभिज्ञता जताई। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Also Read : पुलिस के एक्टिव होते ही धराया स्कूटी चोर, घर के बाहर से चुरा ले गया था गाड़ी