Seraikela : सरायकेला जिले में बुधवार तड़के एक महिला का शव कुएं में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह ग्रामीणों ने कुएं में महिला का शव तैरता हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। मृतक की शिनाख्त चांडिल के रुचाप गांव की रहने वाली रूपा देवी के तौर पर की गई है। घटना कांड्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव से सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता कृष्णा बास्के समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और महिला का शव कुएं से बाहर निकाला गया। मिली जानकारी के अनुसार, रूपा देवी पिछले चार वर्षों से अपने पुरुष मित्र रोशन कुमार सिन्हा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों मंगलवार को पदमपुर गांव पहुंचे और बबलू बास्के के घर में किराये पर रहने लगे थे। देर रात रोशन सिन्हा अपनी ड्यूटी पर चला गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रूपा शांत स्वभाव की थी और किसी तरह का विवाद नहीं था। शुरुआती दावों के अनुसार, रूपा ने तड़के अज्ञात कारणों से कुएं में छलांग लगाई, लेकिन खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। कांड्रा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।

Also Read : रांची में मेन रोड पर अज्ञात युवक का श’व मिलने से सनसनी

