Ramgarh : रामगढ़ जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र में मंगलवार को फोरलेन के किनारे एक खेत में दो युवकों के शव बरामद हुए। घटना बनगड्ढा स्थित फोरलेन के पास की है। सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर दोनों शवों पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान सौंदा डी जयनगर निवासी अमरजीत भुंईया और सोनू कुमार के रूप में की है। शव मिलने की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह सड़क दुर्घटना का मामला होता तो घटनास्थल के आसपास बाइक या अन्य वाहन भी मिलना चाहिए था। लेकिन अब तक किसी वाहन का पता नहीं चल सका है। इसी वजह से कई लोग इसे संदिग्ध मौत मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भदानीनगर थाना प्रभारी अख्तर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई।
पुलिस का दावा, प्रथम दृष्टया सड़क हादसा
थाना प्रभारी अख्तर अली ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि आशंका है कि दोनों युवक तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 200 मीटर दूर खेत में जा गिरा। खेत में मौजूद एक पेड़ से टकराने के कारण दोनों की मौत हो सकती है। पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश की जा रही है और आसपास के इलाकों में छानबीन जारी है। साथ ही ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस सड़क हादसा और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह साफ हो सकेगा कि दोनों युवकों की मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। घटना ने पूरे क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच से ही सामने आएंगे।
Also Read : धनबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, कोयला लदे हाइवा ने ली रिटायर्ड ईसीएल कर्मी की जान

