Motihari : लखौरा थाना क्षेत्र के लखौरा पुरबारी टोला में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब सिकरहना नदी पार करते समय एक नाव पलट गई। नाव में सवार सभी 15 लोग नदी में गिर गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब ग्रामीण पशुओं के लिए चारा लेकर नाव से लौट रहे थे। तेज हवा के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के बीचोंबीच पलट गई।
कौन-कौन थे सवार
हादसे में 45 वर्षीय कैलाश साहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। लापता लोगों में बाबूलाल साहनी (45) और मुकेश साहनी (26) शामिल हैं।
12 लोगों को बचाया गया
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने नदी में कूदकर रेस्क्यू शुरू कर दिया। गुगली साहनी, दिलीप साहनी, जंगली सहनी, सत्यनारायण सहनी, गोपालजी प्रसाद, डिस्को साहनी, राजू साहनी, राधेश्याम साहनी और शिवपूजन साहनी सहित कुल 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ की हालत गंभीर है। लखौरा थाना की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। वहीं लापता लोगों की तलाश के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम सिकरहना नदी में सर्च अभियान चला रही है।

इलाके में हाल ही में आई बाढ़ के चलते सिकरहना नदी की धारा काफी तेज है। लोगों का कहना है कि अब नावों से आना-जाना खतरनाक हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक नदी पार न करें और नाव का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतें। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
Also Read : तालिबान ने पाकिस्तानी चौकियों पर जवाबी हमला बोला, सीमा पर भारी गो’लीबारी, दर्जनों सैनिक मा’रे गए