
Patna : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) की नई कार्यकारिणी चुनने के लिए चुनाव 28 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इस चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया आज से शुरू होकर 23 सितंबर शाम 4 बजे तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार 20 सितंबर सुबह 11 बजे से अपना नामांकन कर सकते हैं।
इस चुनाव में 8 पदों पर चुनाव होंगे, जिनमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। 23 सितंबर को शाम 6 बजे BCA की आधिकारिक वेबसाइट पर उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद 24 सितंबर को नामों की जांच की जाएगी और अंतिम उम्मीदवारों की सूची भी उसी दिन जारी की जाएगी।
चुनाव की निगरानी IAS अधिकारी डॉ. एम मुदस्सिर करेंगे। मतदान 28 सितंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। वोटों की गिनती के बाद परिणाम उसी दिन शाम 5:30 बजे घोषित कर दिए जाएंगे।
नामांकन के लिए कुछ नियम भी बनाए गए हैं। उम्मीदवार की उम्र 70 वर्ष से कम होनी चाहिए, वह कोई मंत्री या सरकारी कर्मचारी नहीं होना चाहिए, और उस पर कोई आपराधिक मामला भी नहीं होना चाहिए। इसके अलावा, उम्मीदवार ने पिछले 9 वर्षों में पदाधिकारी के रूप में 9 साल से अधिक कार्य नहीं किया हो तथा 3 साल की कूलिंग ऑफ अवधि पूरी की हो।
अगर उम्मीदवारों की संख्या पदों के बराबर होगी तो चुनाव नहीं होगा और वे निर्विरोध विजेता घोषित किए जाएंगे। मतदान गुप्त मतपत्र से होगा।
Also Read : ट्रंप प्रशासन ने H-1B वीजा शुल्क में की बड़ी वृद्धि की घोषणा