Patna : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को बिहार बंद का आह्वान किया है। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। बंद का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा कर रहा है, जो राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहा है।
यह बंद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दलों—जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा—के संयुक्त समर्थन से आयोजित किया जा रहा है। विवाद की शुरुआत तब हुई जब कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान दरभंगा में मंच से प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा और एनडीए नेताओं में तीव्र आक्रोश फैल गया।
भाजपा नेताओं ने इस टिप्पणी को “देश की हर मां का अपमान” करार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “यह सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की मां का नहीं, बल्कि देश की हर मां का अपमान है। हमारी संस्कृति में मां को देवतुल्य माना जाता है। इस तरह की भाषा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। यह भारतीय जनमानस और संस्कृति का घोर अपमान है।”
जायसवाल ने आम जनता से बंद में सहयोग करने और राजनीतिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए कांग्रेस व राजद के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। बंद की जिम्मेदारी भाजपा महिला मोर्चा को सौंपी गई है, जिसके कार्यकर्ता राज्यभर में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह पहला मौका है जब बिहार में भाजपा महिला मोर्चा किसी बड़े आंदोलन की अगुवाई कर रहा है। पार्टी इसे महिला सशक्तिकरण और नैतिक मूल्यों की रक्षा से जोड़कर देख रही है।
Also Read : BREAKING : TSPC का रीजनल कमांडर करमा मनाने आया था गांव, पुलिस के साथ मुठभेड़ व 2 जवान शहीद