Ranchi : झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर इस बार काफी हलचल देखने को मिल रही है। करीब आठ साल बाद हो रहे इस चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में वकील मैदान में उतरे हैं। राज्यभर के अधिवक्ताओं में इसे लेकर खासा उत्साह है।
100 प्रत्याशी मैदान में, 23 सीटों पर होगा मुकाबला
इस बार कुल 100 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी की तारीख के बाद रिटायर्ड जस्टिस अम्बुज नाथ ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है। 23 सीटों के लिए होने वाले इस चुनाव में राज्यभर के करीब 25 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प और कड़ा माना जा रहा है।
रांची जिले के सबसे ज्यादा उम्मीदवार
इस चुनाव की सबसे खास बात यह है कि सबसे ज्यादा प्रत्याशी रांची जिले से हैं। 50 से ज्यादा उम्मीदवार अकेले रांची से मैदान में हैं। रांची से दावेदारी पेश करने वाले अधिवक्ताओं में झारखंड हाईकोर्ट और रांची सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकील शामिल हैं।आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले 43 वकील और रांची सिविल कोर्ट के 13 वकील इस बार चुनावी मैदान में हैं।
25 महिला अधिवक्ता भी आजमा रहीं किस्मत
इस बार महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी भी खास है। कुल 25 महिला वकीलों ने अपनी उम्मीदवारी पेश की है। इसे बार काउंसिल चुनाव में महिला प्रतिनिधित्व के लिहाज से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
आठ साल बाद हो रहा चुनाव, दिख रहा उत्साह
करीब आठ साल के अंतराल के बाद स्टेट बार काउंसिल का चुनाव हो रहा है। ऐसे में राज्यभर के वकीलों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में चर्चा तेज है और हर उम्मीदवार अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटा है। अब सबकी नजरें मतदान की तारीख और नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि अगले कार्यकाल में बार काउंसिल की कमान किन 23 सदस्यों के हाथ में होगी।
Also Read : देवघर पहुंचे गौतम अडानी, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच की विशेष पूजा


