Ranchi : झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 23 पदों के लिए मतगणना पूरी हो चुकी है और अब जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक अधिसूचना अगले सप्ताह जारी होने की संभावना है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ ने सभी 23 विजयी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए इसकी अधिसूचना जारी करने के लिए फाइल विधि विभाग को भेज दी है। अधिसूचना जारी होते ही चुनाव प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
महेश तिवारी मामले के कारण अटका था मामला
बार काउंसिल चुनाव की प्रक्रिया में देरी की सबसे बड़ी वजह उम्मीदवार महेश तिवारी का मामला बना। दरअसल, एक महिला वकील से दुर्व्यवहार के मामले में अदालत ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी। खास बात यह रही कि यह फैसला मतगणना के दौरान आया, जबकि महेश तिवारी जीत के लिए जरूरी मत हासिल कर चुके थे। सजा की जानकारी मिलने के बाद संबंधित महिला वकील ने बार काउंसिल में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बड़ा फैसला लेते हुए महेश तिवारी की उम्मीदवारी रद्द कर दी।
प्रयाग महतो को घोषित किया गया विजेता
महेश तिवारी की उम्मीदवारी निरस्त होने के बाद प्रयाग महतो को निर्वाचित घोषित कर दिया गया। हालांकि इस फैसले को महेश तिवारी ने चुनौती दी और उच्च स्तरीय कमेटी में याचिका दायर की। कमेटी ने मामले की सुनवाई के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के फैसले को सही माना और चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। इसके बाद अब विजयी 23 उम्मीदवारों के नाम अधिसूचना के लिए विधि विभाग को भेज दिए गए हैं।
अधिसूचना के बाद जिला बार संघों को भेजी जाएगी सूची
बार काउंसिल नियमों के मुताबिक अधिसूचना जारी होने के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। इसके बाद बार काउंसिल की ओर से सभी जिला बार संघों को निर्वाचित सदस्यों की सूची भेजी जाएगी। इस बार बार काउंसिल चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी खास जोर दिया गया है। चुनाव में पांच सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखी गई हैं। इसके अलावा दो महिला सदस्यों का चयन मनोनयन के जरिए किया जाएगा। कानूनी गलियारों में अब अधिसूचना जारी होने का इंतजार है, ताकि नई बार काउंसिल टीम औपचारिक रूप से कामकाज संभाल सके।
Also Read : रिम्स में पेयजल संकट दूर करने की पहल, CSR के तहत सुधरेंगी खराब वाटर यूनिट


