Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी समाज के प्रखर नेता शिबू सोरेन के निधन पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। राजद के झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, प्रधान महासचिव सत्यानंद भोक्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि शिबू सोरेन के निधन से एक युग का अंत हो गया है।
शिबू सोरेन, जिन्हें प्यार से “दिशोम गुरुजी” कहा जाता था, ने झारखंड की स्थापना और आदिवासी, दलित व वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष, दृढ़ता और जनसेवा का जज्बा हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। राजद नेताओं ने कहा कि शिबू सोरेन और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बीच गहरा वैचारिक और व्यक्तिगत रिश्ता था। दोनों नेताओं ने सामाजिक न्याय, समता और क्षेत्रीय अस्मिता के लिए मिलकर संघर्ष किया। झारखंड राज्य की स्थापना में शिबू सोरेन की अथक मेहनत और लालू प्रसाद यादव के समर्थन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि को मूर्त रूप दिया।
राजद ने अपने बयान में कहा, “इस दुख की घड़ी में हम शिबू सोरेन के परिवार, उनके समर्थकों और झारखंड की जनता के साथ अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। हम उनके योगदान को नमन करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।” शिबू सोरेन के निधन से झारखंड की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हुआ है, जिसकी भरपाई मुश्किल है। उनके नेतृत्व और संघर्ष की गाथा हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
Also Read : राहुल गांधी ने रद्द की अपनी प्रेस कांफ्रेंस, शिबू सोरेन के निधन पर किया शोक व्यक्त