Hazaribagh : हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहेरा मेँ के साथ अनुचित व्यवहार और छेड़खानी की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। हेडमास्टर महेन्द्र प्रसाद राणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। देर रात उपायुक्त कार्यालय के आदेश पर उनके खिलाफ चरही थाना में FIR भी दर्ज कर ली गई है।
नई जिम्मेदारी, स्कूल में बदला प्रभार
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय तय किया गया है। वहीं, उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिपरा उर्दू की शिक्षिका पुष्पलता कुमारी को बहेरा स्कूल में प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाकर भेजा गया है, ताकि पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
24 घंटे में रिपोर्ट देने का निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। इसमें उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देवप्रिया को अध्यक्ष और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा व कार्यपालक दंडाधिकारी सना उस्मानी को सदस्य बनाया गया है। टीम को 24 घंटे के भीतर जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
दो दर्जन छात्राओं के आरोप से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि दो दर्जन से अधिक छात्राओं ने हेडमास्टर पर छेड़खानी और दुराचार के आरोप लगाए हैं। मामला बाल कल्याण समिति के संज्ञान में आने के बाद उजागर हुआ, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
अभिभावकों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि स्कूलों में किसी भी तरह की ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे।
Also Read : HEC की बिगड़ी वित्तीय हालत, 2000 करोड़ से ज्यादा का कर्ज
