Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के स्टील मेल्टिंग शॉप-1 (SMS-1) के एरिया रिपेयर शॉप में एक गंभीर हादसा हुआ। इलेक्ट्रिकल पैनल की मरम्मत के दौरान दो मजदूर इलेक्ट्रिकल फ्लैश की चपेट में आ गए और झुलस गए। दोनों को तुरंत बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) में भर्ती कराया गया।
प्लांट में अफरा-तफरी मच गई
हादसे में घायल मजदूरों में बीएसएल कर्मचारी देवव्रत यादव और ठेका मजदूर शक्ति पद वाउरी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों एक इलेक्ट्रिकल पैनल की मरम्मत कर रहे थे, तभी अचानक फ्लैश हुआ। इससे दोनों को तेज झटका लगा और वे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
खतरे से बाहर जख्मी लोग : प्रबंधन
बीएसएल के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने बताया कि दोनों मजदूरों को मामूली बर्न इंजरी हुई है। उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। हॉस्पिटल में उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन से लगातार जानकारी लेते रहे। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने समय पर उचित उपचार शुरू किया।

जांच शुरू
बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रबंधन ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इस घटना ने प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
Also Read : जेल कर्मी पर 9 साल की मासूम से गलत हरकत का इल्जाम, लोगों की पिटाई के बाद गिरफ्तार