Ranchi : रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र के मुडामु गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज घटना दीपावली की देर रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान गांव के ही सोमा उरांव (30) के रूप में हुई है। मृतक के पिता फगुवा उरांव के अनुसार सोमा उरांव दीपावली की रात अपने दोस्तों के साथ गांव के अखाड़ा में जुआ खेल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा। उसके दोनों हाथों में पिस्टल थी। वह बिना कुछ कहे सोमा उरांव के करीब गया और उसे सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही सोमा मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद कातिल मौके से भाग निला। वहीं, इलाके में खलबली मच गयी। सोमा उरांव के साथ जुआ खेल रहे लोग खौफ के मारे इधर-उधर भाग गये।
एक साल पहले जेल से निकला था सोमा उरांव
इधर, वारदात की फैली खबर के बाद डीएसपी अशोक कुमार राम, सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय, बेड़ो थानेदार सुजीत कुमार उरांव पूरी टीम के साथ स्पट पर पहुंचे। FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया। इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि मारा गया सोमा उरांव भी दागी किस्म का युवक था। उसका भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या के एक पुराने मामले में दो बार जेल जा चुका था। करीब एक साल पहले ही जेल से छूटकर वह गांव में रह रहा था।
हत्या के कारणों की जांच जारी
सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस हत्या के पीछे कोई पुराना विवाद या बदले की भावना तो नहीं है।

गांव में दहशत, पुलिस ने बढ़ाई गश्त
इस घटना के बाद मुडामु गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सघन गश्त शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Also Read : पीएम मोदी ने जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री को दी बधाई, बोले- हमारे रिश्ते…