Johar Live Desk : दानापुर-बक्सर रेलखंड में अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस में यात्रियों से पैसे मांगने और मारपीट के आरोप में पुलिस ने एक किन्नर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बक्सर निवासी निशा कुमारी के रूप में हुई है। घटना 19 जून को हुई थी।
पटना रेल एसपी अमरतेंदु शेखर ठाकुर ने आज बताया कि पटना के सुबोध कुमार पंडित, जो दीनदयाल उपाध्याय से आरा जा रहे थे, बिहिया के पास किन्नरों से पैसे मांगे जाने पर मना कर दिया। इससे नाराज होकर 5-6 किन्नरों ने सुबोध पर हमला किया और उनके शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे वे घायल हो गए। पीड़ित ने आरा स्टेशन पहुंचकर जीआरपी को शिकायत दर्ज कराई।
इस गंभीर घटना के बाद डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जांच कर निशा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दानापुर-बक्सर और पटना-गया रेलखंड पर पिछले कुछ महीनों से किन्नरों द्वारा यात्रियों से जबरन वसूली की बढ़ती घटनाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने किन्नर समुदाय के सहयोग से ऐसी घटनाओं को रोकने की भी पहल शुरू की है।
Also Read : रांची नगर निगम में सुशांत गौरव ने संभाला नगर आयुक्त का पदभार