Gumla : गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चैनपुर–मांझाटोली मुख्य पथ पर कटकांया स्थित पुराने शंख घाट मोड़ के पास एक रिजर्व बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच वर्षीय मासूम शिवम केशरी और एक अज्ञात महिला की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक यात्री जख्मी हो गए।
मुंडन संस्कार से लौट रही थी पूरी परिवार
मिली जानकारी के अनुसार डुमरी प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल टांगीनाथ धाम में सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर निवासी मनीष केशरी के पुत्र का मुंडन संस्कार संपन्न हुआ था। इस धार्मिक अनुष्ठान में सिमडेगा, ठेठईटांगर, तामड़ा और ओडिशा सहित विभिन्न स्थानों से परिवार के लोग शामिल हुए थे। धार्मिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी श्रद्धालु मेहता नामक रिजर्व बस से लौट रहे थे।
हादसा कैसे हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही बस शंखमोड़ मांझाटोली के संकरे और खतरनाक मोड़ पर पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।बस में चीख-पुकार मच गई और करीब 20 यात्री बस के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही मांझाटोली के उपप्रमुख दीपक कुजूर और स्थानीय समाजसेवी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में पांच वर्षीय शिवम केशरी के अलावा बस में दब गई एक महिला भी मारी गई, जिसकी पहचान देर रात तक नहीं हो पाई थी।
जख्मी यात्री और उनका इलाज
घायलों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, घायलों में शामिल हैं – सरस्वती देवी (28), मनीषा कुमारी (15), संध्या देवी (30), ज्योति केशरी (42), संगीता देवी (35), आर्यन केशरी (18), प्रशांत कुमार (22), कृष्णा बड़ाईक (25), सोमरा सिंह (45), अयोध्या प्रसाद केशरी (70), मीरा देवी (55) के साथ-साथ कृष्ण बड़ाइक, जसमनी देवी, पूजा देवी, शशि कुजूर, आरती कुमारी, अनिता देवी, सुरेंद्र ठाकुर, राहुल कुमार केसरी और अन्य लोग जख्मी हुए हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
Also Read : धनबाद के लिए खुशखबरी: होली पर पहली स्पेशल ट्रेन, दुर्ग से मधुबनी के बीच दौड़ेगी

