Ranchi : भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में ‘स्वदेशी अभियान’ की जोरदार शुरुआत करते हुए आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक नया कदम उठाया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस अभियान से जुड़ी प्रचार सामग्रियों स्टीकर, पोस्टर, पंपलेट, नोटपैड और संकल्प पत्र का विधिवत लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान के प्रदेश संयोजक और भाजपा महामंत्री मनोज कुमार सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, और प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह भी मौजूद थे।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज देश को आत्मनिर्भर बनाने की जो कल्पना की जा रही है, उसका मूल आधार स्वदेशी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” केवल नारा नहीं, बल्कि एक आंदोलन बनना चाहिए जिसे देश के हर नागरिक को अपने जीवन में उतारना होगा।

मरांडी ने भारत के ऐतिहासिक वैभव की चर्चा करते हुए बताया कि मौर्यकाल से लेकर 16वीं शताब्दी तक भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। लेकिन, गुलामी और लूट के कारण आज़ादी तक भारत की स्थिति दुनिया में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि हम अपने अतीत से सीख लेकर स्वदेशी को अपनाएं और भारत को फिर से आर्थिक रूप से मजबूत बनाएं।
उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने स्वदेशी आंदोलन को हथियार बनाया था। लेकिन आज़ादी के बाद कांग्रेस के लंबे शासनकाल में स्वदेशी की भावना को उचित सम्मान नहीं मिला।
मरांडी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि मेक इन इंडिया जैसे अभियानों की वजह से आज भारत में मोबाइल, खिलौने, ट्रैक्टर, टेक्सटाइल और रक्षा क्षेत्र में तेज़ी से आत्मनिर्भरता आई है। भारत अब सैकड़ों देशों को दवाएं, ऑप्टिकल फाइबर और खिलौने निर्यात कर रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि आज देश में 98 करोड़ लोग इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, और सौर तथा पवन ऊर्जा के क्षेत्र में भारत का नाम दुनिया के अग्रणी देशों में शुमार हो चुका है। अंतरिक्ष तकनीक में भी भारत आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है।
मरांडी ने कहा कि ये सभी उपलब्धियां प्रधानमंत्री मोदी के भारत-केंद्रित चिंतन और विकासशील सोच का परिणाम हैं। उन्होंने युवाओं से खास तौर पर अपील की कि वे स्वदेशी को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि आने वाले दीपावली और छठ पूजा जैसे पर्वों पर विदेशी सामान की जगह भारत में बनी चीज़ों को खरीदें और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि भाजपा इस अभियान को प्रदेश के 81 विधानसभा क्षेत्रों में लेकर जाएगी और घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।