Giridih : जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के झलकडीहा गांव के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बाइक और टोटो की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि टोटो पर सवार छह लोग बेतरह जख्मी हो गए।
हादसे का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की शिनाख्त बेंगाबाद डाकबंगला निवासी 30 वर्षीय रोहित कुमार पोद्दार के तौर पर की गई है। वह शनिवार रात बेंगाबाद से अपने घर डाकबंगला लौट रहे थे। झलकडीहा गांव के पास उनकी बाइक की टोटो से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत सदर अस्पताल गिरिडीह लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक पर उनके साथ सवार नेपाल पंडित को हल्की चोटें आई हैं।
गंभीर रूप से घायल टोटो सवार
हादसे में टोटो पर सवार छह लोग भी बेतरह जख्मी हुए। इनमें धनबाद निवासी संजय कुमार, उनकी पत्नी उमा देवी, पुत्री मानवी कुमारी, सास काली देवी, लक्ष्मी कुमारी और निशा कुमारी शामिल हैं। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। जानकारी के अनुसार, संजय कुमार अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद टोटो अनियंत्रित होकर पलटता हुआ बचा।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव अस्पताल पहुंचे और जख्मियों से बातचीत की। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
Also Read : ओरमांझी घाटी में ट्रक ने टेंपो को मा’री टक्कर, एक की मौ’त


