Palamu : पलामू जिले की हुसैनाबाद पुलिस ने बैंकिंग घोटाले के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। JRG बैंक दंगवार शाखा के पूर्व शाखा प्रबंधक मनोज कुमार सिंह को छह करोड़ रुपये से अधिक के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला उस समय उजागर हुआ जब बैंक के वर्तमान शाखा प्रबंधक आशीष रंजन ने शाखा में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई।
फर्जी खातों से निकाली करोड़ों की राशि
जांच में पाया गया कि आरोपी मनोज सिंह ने बैंक में पदस्थापित रहते हुए 11 महिला समूहों के नाम पर फर्जी लोन स्वीकृत किए। ग्राहकों की जानकारी के बिना उनके नाम से ऋण निकाले गए। इतना ही नहीं, आरोपी ने STDR (सावधि जमा) खातों से भी फर्जी निकासी की। उसने ग्राहकों की पहचान (ID) का दुरुपयोग कर नए खाते खोले और जमा राशि को अपने या परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर कैश निकासी की। कुछ मामलों में तो ग्राहकों की जानकारी के बिना सीधे बैंक से नकद निकासी भी की गई।
6 करोड़ रुपये का गबन, 4.66 करोड़ रुपये की वापसी
अनुसंधान के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मनोज सिंह ने कुल ₹6,03,34,245 रुपये का गबन किया था। हालांकि, आरोपी ने जांच के दबाव में आकर बैंक को ₹4,66,89,942 रुपये की राशि वापस कर दी है।

SIT ने बिहार के किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू के SDPO एस मो याकुब के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी निगरानी और ठोस सबूतों के आधार पर आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। इसके बाद, 16 अक्टूबर 2025 को बिहार के सासाराम से मनोज सिंह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Also Read : HC का बड़ा फैसला : नहीं खुलेंगे विनय सिंह के रांची, हजारीबाग और गुमला के सील शोरूम