झारखंड: झारखंड के दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र स्थित हेठतीनघरा गांव में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी पहाड़ की तलहटी में झाड़ियों के बीच छिपकर ऑनलाइन ठगी कर रहे थे। पुलिस को इस गुप्त गतिविधि की जानकारी मिली थी, जिसके बाद छापेमारी कर इन्हें रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस टीम को आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड और एक बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में सामने आया कि ये सभी उपकरण ऑनलाइन ठगी के लिए उपयोग में लाए जा रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वरुण यादव (30 वर्ष), संजय यादव (19 वर्ष), विनय कुमार यादव (25 वर्ष), कुंदन कुमार (21 वर्ष) – सभी निवासी हेठतीनघरा, और पप्पू कुमार मंडल (20 वर्ष), निवासी बुढ़ीकुरूवा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी घटनास्थल पर ही सक्रिय रूप से साइबर ठगी में लगे हुए थे और मौके से पकड़े गए। तालझारी थाना प्रभारी के बयान पर थाना कांड संख्या 30/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जानकारी देते हुए दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव के नेतृत्व में एसआई अक्षय कुमार, कामेश्वर सिंह, एएसआई सुशील कुमार हेंब्रम, सुनील कुमार तथा पुलिस जवान महेंद्र मूर्मू, नुनमणि कोल और बटेश्वर हेंब्रम शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
Also read: 11वीं मंजिल से गिरा NIT का स्टूडेंट, फिर…
Also read: घर से दो-दो मुट्ठी चावल लेकर आएं कर्मचारी, सरकारी दफ्तरों में जारी हुआ नया फरमान…