Ranchi : साइबर अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में गैस कनेक्शन दिलाने के नाम पर गूगल सर्च में फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर एक व्यक्ति से करीब 19 लाख 85 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। मामले का खुलासा होने के बाद CID की साइबर क्राइम थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रवि कुमार साव, सुरज कुमार ठाकुर और सागर कुमार यादव बताये गये। सभी हजारीबाग के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं, जो इस साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए थे।
कैसे दिया गया ठगी को अंजाम
पीड़ित ने गैस कनेक्शन से जुड़ी जानकारी के लिए गूगल सर्च किया था। इसी दौरान उसे “GAIL INDIA CUSTOMER CARE” के नाम से एक फर्जी नंबर मिला। इस नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने उसे व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से धीरे-धीरे कुल 19,85,073 रुपये अवैध तरीके से ट्रांसफर कर लिए गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत शिकायत दर्ज कराई।
जांच में खुला पूरा नेटवर्क
मामला दर्ज होने के बाद CID रांची की साइबर क्राइम थाना की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल सबूतों की जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। साइबर पुलिस ने हजारीबाग पुलिस की मदद से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
Also Read : सरस मेला में करंट लगने से युवक झुलसा, अफरा-तफरी के बाद पूरा मेला बंद

