झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसा रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर पैंकी के समीप रात करीब दो बजे हुआ. यहां रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रही एक स्कॉर्पियो की अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार 14 लोगों में से 13 की जान चली गई.
नालंदा के एक ही गांव के रहने वाले थे सभी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के जांघारों गांव के रहने वाले थे. वे एक साथ रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में पूजा-अर्चना करने के लिए निकले थे. इसी दौरान पैंकी के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए. पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई.
मृतकों में चार बच्चे और चार महिलाएं
इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं. दुर्घटना में बचा एकमात्र व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, अस्पताल में 13 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था. कुछ मृतकों की पहचान घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के माध्यम से की गई है.
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन रामगढ़ पहुंचे. एक मृतक के परिजन के मुताबिक, परिवार बिहारशरीफ से रजरप्पा मंदिर में पूजा करने के लिए आ रहा था. उन्हें रामगढ़ पुलिस और एसपी कार्यालय की ओर से फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी गई. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है.
No comments yet. Be the first to comment!