देवघर पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पालोजोरी थाना क्षेत्र से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. पुलिस ने इनके पास से 8 मोबाइल फोन और 32 सिम कार्ड बरामद किए हैं.
कैशबैक से लेकर PM-KISAN और बिजली बिल के नाम पर ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe, Paytm कस्टमर केयर और Airtel Payment Bank के अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे. इसके अलावा PM-KISAN योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे और साइबर ठगी को अंजाम देते थे.
आरोपी पश्चिम बंगाल के लोगों के नाम पर सिम कार्ड जारी करवाकर भी साइबर ठगी में उनका इस्तेमाल करते थे. तकनीकी जांच में बरामद मोबाइल नंबरों और IMEI के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
दुमका और पश्चिम बंगाल के बीरभूम के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीब मोमिन, सरजहान मोमिन, अजुरुल अंसारी, कमाल मोमिन, निजाम अंसारी, सरफुद्दीन अंसारी और राजाबाबू मोमिन के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी दुमका जिला और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रहने वाले हैं.
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 27 नवंबर 2026 को छापेमारी की गई. देवघर पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है.
Also Read : झारखंड : सीएम हेमंत सोरेन ने SSP स्मार्ट ऑफिस और मानगो थाना के नवनिर्मित भवन का किया ऑनलाइन उद्घाटन
No comments yet. Be the first to comment!