रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और हेमंत सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ हुआ. महोत्सव में राज्य की जनजातीय विरासत, लोककला, संगीत और शास्त्रीय नृत्य परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है. उद्घाटन राज्य सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडेय सिंह और संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया.
उद्घाटन के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में झारखंड की विविध कला-संस्कृति की झलक देखने को मिली. कार्यक्रम में बांसुरी वादन से लेकर जनजातीय नृत्य और शास्त्रीय प्रस्तुतियों तक कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. रांची के कुश कुमार करुवा ने बांसुरी वादन प्रस्तुत किया. इसके बाद मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली नृत्यों का समायोजन पेश किया गया.
एक मंच पर जनजातीय और शास्त्रीय नृत्य परंपराएं
सांस्कृतिक संध्या में कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी की शास्त्रीय नृत्य युगलबंदी भी आकर्षण का केंद्र रही. सुमेधा सेन गुप्ता, शीतल कुमार उरांव और प्रमिला कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रस्तुति दी. वहीं, गुरु तपन कुमार पटनायक के नेतृत्व में सरायकेला छऊ नृत्य का प्रदर्शन किया गया.
आधुनिक नागपुरी नृत्य में वर्षा लकड़ा और उनके दल ने प्रस्तुति दी, जबकि महिला बैंड ‘द सजनी ग्रुप’ ने आधुनिक नागपुरी गीत-संगीत से सांस्कृतिक संध्या को जीवंत बनाया. इन प्रस्तुतियों के जरिए झारखंड की पारंपरिक और आधुनिक सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को एक साथ मंच मिला.
160 स्टॉलों में सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और उत्पादों की प्रदर्शनी
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगभग 160 स्टॉल लगाए गए हैं. इनमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल शामिल हैं.
इन स्टॉलों के माध्यम से विभागीय उपलब्धियों, सरकारी योजनाओं और उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है. इस तरह महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के कामकाज और योजनाओं को भी लोगों के सामने रखने की व्यवस्था की गई है.
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम, खादी बोर्ड के निदेशक आलोक कुमार, उद्योग निदेशक विशाल सागर, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल और झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा. इसका उद्देश्य राज्य की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनजातीय कलाओं को प्रोत्साहन देने के साथ सरकार की विकास यात्रा और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना है.
Also Read : झारखंड हाईकोर्ट से कल विदा होंगे चीफ जस्टिस एमएस सोनक, जानिए उनका न्यायिक सफर और चर्चित फैसले


No comments yet. Be the first to comment!