सिमडेगा. जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने गुरुवार को उपायुक्त कंचन सिंह के जनता दरबार में अपनी समस्याएं रखीं. ग्रामीणों ने आवास योजना का लाभ नहीं मिलने, रैयती जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने में बाधा उत्पन्न किए जाने, रोजगार के लिए ऋण स्वीकृति में परेशानी और वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया.
जनता दरबार में उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदक से अलग-अलग बातचीत कर उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में उन्हें विभिन्न स्तरों पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत ऋण स्वीकृति में आ रही अड़चन का मामला भी सामने आया. वहीं, कुछ ग्रामीणों ने अपनी रैयती जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत की.
पात्र लाभुको को सरकारी योजना मिलने में देरी न हो
शिकायतों को सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदन अग्रसारित करते हुए मामलों की जांच और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए. साथ ही, सरकारी योजनाओं के पात्र लाभुकों को उनका लाभ उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.
उपायुक्त ने शिकायतों के निष्पादन को प्राथमिकता देने और ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. जनता दरबार में अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की भी उपस्थित थे.


No comments yet. Be the first to comment!