माननीय अध्यक्ष महोदय, आज 26 नवंबर है—संविधान दिवस. ठीक इसी दिन, 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने उस संविधान को स्वीकृत किया था, जिसकी प्रस्तावना की शुरुआत तीन अत्यंत शक्तिशाली शब्दों से होती है—“हम, भारत के लोग”.
संविधान ने सत्ता का अंतिम स्रोत किसी सरकार, किसी दल, किसी पदाधिकारी या किसी संस्था को नहीं, बल्कि भारत के लोगों को माना. इसलिए आज और कल की इस सदन की हमारी चर्चा केवल दो अलग-अलग सरकारी विषयों—SIR और MMDR संशोधन—की चर्चा नहीं है. मेरी दृष्टि में इन दोनों के मूल में एक ही संवैधानिक प्रश्न है—क्या लोकतंत्र में नागरिक की राजनीतिक भागीदारी सुरक्षित रहेगी, और क्या संघीय व्यवस्था में राज्यों की संवैधानिक एवं वित्तीय स्वतंत्रता सुरक्षित रहेगी?
एक तरफ नागरिक का वोट है, तो दूसरी तरफ राज्य का अपने लोगों के विकास के लिए संसाधन जुटाने का अधिकार है. एक व्यक्ति को लोकतंत्र में आवाज देता है, तो दूसरा उस लोकतंत्र को सामाजिक और आर्थिक अर्थ देता है.
कल SIR पर चर्चा के क्रम में मतदाता सूची, नोटिस, स्थानीय सामाजिक परिस्थितियों तथा निर्वाचन आयोग की संस्थागत जवाबदेही के प्रश्न विस्तार से उठाए गए हैं. राज्य सरकार के राजकीय संकल्प संख्या 2671, दिनांक 23 नवंबर 2026 में MMDR संशोधन से झारखंड के वित्तीय अधिकारों और विकास योजनाओं पर संभावित प्रभाव को दर्ज किया गया है.
अध्यक्ष महोदय, संविधान दिवस केवल संविधान की प्रति पर पुष्प चढ़ाने का दिन नहीं है. यह दिन स्वयं से यह पूछने का दिन है कि क्या हमारी संस्थाएं उस भावना के अनुरूप चल रही हैं, जिसके लिए संविधान बनाया गया था. बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा ने ऐसे भारत की कल्पना की, जिसमें राजनीतिक लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक नागरिक की बराबर भागीदारी सुनिश्चित करे.
संविधान सभा की बहसों में सार्वभौम वयस्क मताधिकार को उस समय की व्यापक निरक्षरता और गरीबी के बावजूद सामान्य नागरिक पर गहरे विश्वास की अभिव्यक्ति बताया गया था. यह अधिकार केवल मतदान के दिन उंगली पर स्याही लगवाने का अधिकार नहीं है. उसके पहले यह अधिकार मतदाता सूची में निष्पक्षता से शामिल होने का अधिकार है, उचित प्रक्रिया का अधिकार है और प्रशासनिक त्रुटि के कारण लोकतांत्रिक भागीदारी से बाहर न किए जाने की अपेक्षा है.
अध्यक्ष महोदय, इसी संदर्भ में कल, 25 नवंबर 2026 को इस सदन ने SIR की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की. सदन के सामने रखे गए सरकारी संकल्प में SIR की वर्तमान प्रक्रिया की जटिलताओं, तकनीकी कमियों और दस्तावेजी कठिनाइयों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और प्रक्रिया में सुधार तथा स्पष्ट मानक संचालन प्रक्रिया की आवश्यकता पर बल दिया गया.
मैं आज फिर स्पष्ट करना चाहता हूं—हम मतदाता सूची के शुद्धीकरण के विरोधी नहीं हैं. मृत व्यक्ति का नाम हटना चाहिए. एक व्यक्ति की दोहरी प्रविष्टि नहीं रहनी चाहिए. जो व्यक्ति कानूनन पात्र नहीं है, उसका नाम सूची में नहीं होना चाहिए. लेकिन उतनी ही दृढ़ता से हम यह भी कहते हैं कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक केवल प्रक्रिया की जटिलता, दस्तावेज की कमी, नाम की वर्तनी, उम्र की प्रविष्टि, तकनीकी मैपिंग या किसी की गलत आपत्ति के कारण अपने मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए. यही संविधान की कसौटी है.
अध्यक्ष महोदय, झारखंड को केवल कंप्यूटर की स्क्रीन पर देखने से बचना चाहिए. हमारे राज्य के सामाजिक भूगोल को समझना होगा. यहां संथाली है, मुंडारी है, हो है, कुड़ुख है, खड़िया है, नागपुरी है, खोरठा है. एक ही नाम अलग दस्तावेजों में अलग वर्तनी से लिखा मिल सकता है. हमारे बुजुर्गों में अनेक ऐसे हैं जिनके पास जन्म प्रमाणपत्र नहीं है. विवाह के बाद महिलाओं का नाम और पता बदलता है. हमारे प्रवासी मजदूर हजारों किलोमीटर दूर रोजगार करते हैं. हमारे अनेक आदिवासी परिवार पहाड़, जंगल और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं. ऐसे समाज में डेटाबेस की विसंगति और नागरिक की पात्रता को एक ही बात नहीं माना जा सकता. तकनीक और नियम नागरिक की सहायता के लिए होनी चाहिए; नागरिक को कटघरे में खड़ा करने के लिए नहीं.
लगभग 63 लाख नागरिकों के लिए यदि केवल एक उदाहरण के रूप में प्रति व्यक्ति औसतन 500 रुपये की मजदूरी, यात्रा, दस्तावेज और समय की लागत मानी जाए, तो करीब 315 करोड़ रुपये का नागरिक बोझ बनता है. अब तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार लगभग 2 लाख Form-7 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. कुछ स्थानों से Form-7 के दुरुपयोग की गंभीर शिकायतें भी सामने आईं. गढ़वा, गोड्डा, गिरिडीह, चतरा आदि जिले से भी Form-7 से संबंधित शिकायतें आई हैं. ऐसे में आने वाले समय में इन 2 लाख Form-7 की सही तरीके से जांच आवश्यक प्रतीत होता है.
अध्यक्ष महोदय, निर्वाचन आयोग को संविधान ने स्वतंत्र संस्था इसलिए बनाया कि चुनावी प्रक्रिया पर तत्कालीन सत्ता का प्रभाव न हो. लेकिन स्वतंत्रता और जवाबदेही एक-दूसरे की विरोधी नहीं हैं. 2023 में बने मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं अन्य निर्वाचन आयुक्त अधिनियम की धारा 7 के अनुसार नियुक्ति की सिफारिश करने वाली समिति में प्रधानमंत्री अध्यक्ष होते हैं, लोकसभा में विपक्ष के नेता सदस्य होते हैं और प्रधानमंत्री द्वारा नामित एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री तीसरे सदस्य होते हैं. यानी तीन में से दो सदस्य केंद्रीय कार्यपालिका से होते हैं.
क्या निर्वाचन आयोग जैसी संस्था की नियुक्ति प्रक्रिया में अधिक व्यापक संस्थागत संतुलन और स्वतंत्र प्रतिनिधित्व नहीं होना चाहिए? क्या चयन समिति में भारत के मुख्य न्यायाधीश अथवा किसी अन्य स्वतंत्र संवैधानिक प्रतिनिधि को सम्मिलित करने की व्यवस्था लोकतांत्रिक विश्वास को मजबूत नहीं करती?
इसी कानून की धारा 16 कहती है कि पद पर रहते हुए अथवा रहे किसी मुख्य निर्वाचन आयुक्त या निर्वाचन आयुक्त के आधिकारिक कर्तव्य के निर्वहन में किए या कहे गए कार्य को लेकर कोई न्यायालय दीवानी या आपराधिक कार्यवाही स्वीकार या जारी नहीं करेगा. पदाधिकारियों को दुर्भावनापूर्ण मुकदमों से सुरक्षा मिलनी चाहिए. यह संस्थागत स्वतंत्रता के लिए आवश्यक हो सकता है. लेकिन साथ ही यह भी विचार होना चाहिए कि गंभीर कदाचार, सत्ता के दुरुपयोग या संवैधानिक दायित्व के उल्लंघन के आरोपों की स्वतंत्र और प्रभावी जांच के लिए पर्याप्त जवाबदेही तंत्र मौजूद है या नहीं.
हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई पद इतना असुरक्षित न हो कि सत्ता उसे दबा सके, और कोई पद इतना निरुत्तरदायी भी न हो कि जनता उससे सवाल ही न पूछ सके.
अध्यक्ष महोदय, आज यह सदन राजकीय संकल्प के रूप में विचार कर रहा है—The Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Act, 2026. यह विषय देखने में SIR से अलग है, लेकिन संवैधानिक दृष्टि से दोनों के बीच एक गहरा संबंध है. SIR का प्रश्न है—नागरिक की लोकतांत्रिक हिस्सेदारी कितनी सुरक्षित है? MMDR का प्रश्न है—राज्य की संघीय हिस्सेदारी कितनी सुरक्षित है?
संविधान ने केवल नागरिक को अधिकार नहीं दिया; उसने संघ और राज्यों के बीच शक्तियों का विभाजन भी किया है. सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि 49 भूमि और भवनों पर कर की शक्ति राज्यों को देती है. प्रविष्टि 50 खनिज अधिकारों पर कर लगाने की शक्ति राज्यों को देती है.
अध्यक्ष महोदय, 25 जुलाई 2024 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय की नौ सदस्यीय संविधान पीठ ने खनिज अधिकारों पर कर लगाने की राज्यों की संवैधानिक शक्ति के संबंध में एक ऐतिहासिक निर्णय दिया था. इस निर्णय से झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों में एक नई आशा जगी थी. हमें विश्वास हुआ था कि दशकों से अपने संसाधनों के अनुरूप आर्थिक अधिकारों की मांग कर रहे राज्यों को अब अपने विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने का अवसर मिलेगा.
लेकिन इसके बाद खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, अर्थात MMDR Act में किए गए संशोधन से राज्यों की खनिज अधिकारों पर कर एवं उपकर लगाने की शक्ति सीमित होने का गंभीर प्रश्न उत्पन्न हुआ है. हमारा प्रश्न है कि जब राज्य अपने संसाधनों के बल पर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रहे हैं, तब उनकी राजस्व अर्जित करने की शक्तियों को सीमित करना कितना उचित है?
एक ओर राज्यों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने संसाधन बढ़ाएं, अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करें और जनकल्याण की जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, वहीं दूसरी ओर उनकी अपनी आय बढ़ाने के वैधानिक अवसरों को सीमित किया जाता है. इन दोनों बातों में सामंजस्य कैसे स्थापित होगा? क्या यह सहकारी संघवाद की भावना के अनुरूप है?
अध्यक्ष महोदय, यह विषय कितना गंभीर है, इसे कुछ आंकड़ों से समझा जा सकता है. हमारे आकलन के अनुसार अगले दस वर्षों में झारखंड से लगभग 2,100 मिलियन टन, अर्थात 210 करोड़ टन खनिज निकाले जाने का अनुमान है. यदि खनिजों पर कर एवं उपकर लगाने का राज्य का अधिकार बना रहता, तो इस अवधि में झारखंड को लगभग 2 लाख 56 हजार करोड़ रुपये का संभावित राजस्व प्राप्त हो सकता था.
यह केवल सरकारी खजाने में आने वाली राशि का सवाल नहीं है. यह झारखंड की आने वाली पीढ़ियों के विकास का सवाल है. कल्पना कीजिए कि इतनी बड़ी राशि से कितने विद्यालय, महाविद्यालय और अस्पताल बनाए जा सकते थे. कितने गांवों तक सड़क और पेयजल की सुविधा पहुंचाई जा सकती थी. कितने गरीब परिवारों को अपना घर दिया जा सकता था. कितने किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा सकता था. कितने नौजवानों को शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते थे.
इसलिए राज्य के आर्थिक अधिकारों को सीमित करने का प्रभाव केवल राज्य सरकार के बजट पर नहीं पड़ता है. इसका प्रभाव राज्य के प्रत्येक नागरिक और उसकी आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है.
अध्यक्ष महोदय, मैं इस सदन के समक्ष एक और महत्वपूर्ण तथ्य रखना चाहता हूं. आज भी केवल कोयला कंपनियों के पास झारखंड की लगभग—
- 42 हजार एकड़ वन भूमि,
- 95 हजार एकड़ रैयती भूमि, और
- 66 हजार एकड़ सरकारी गैर-वन भूमि है.
अर्थात कुल मिलाकर लगभग 2 लाख 3 हजार एकड़ भूमि.
इन जमीनों को केवल एकड़ में मत देखिए. इन जमीनों से हमारे लोगों का इतिहास जुड़ा हुआ है. उनकी आजीविका जुड़ी हुई है. उनकी संस्कृति, परंपरा और पीढ़ियों का भविष्य जुड़ा हुआ है. खनन के लिए हमारे लोगों ने अपनी जमीन दी, अपने घर छोड़े, विस्थापन का दर्द सहा और पर्यावरणीय क्षति का सामना किया. इन सभी परिस्थितियों से उत्पन्न सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय चुनौतियों का समाधान करने की बड़ी जिम्मेदारी राज्य सरकार पर है.
ऐसे में एक बुनियादी प्रश्न उठता है—जब खनन का सामाजिक और पर्यावरणीय भार राज्य और उसके नागरिक वहन करते हैं, तो उससे प्राप्त आर्थिक लाभ में राज्य की न्यायपूर्ण हिस्सेदारी सुनिश्चित क्यों नहीं होनी चाहिए?
हमारी जमीन, हमारे जंगल, हमारे खनिज, हमारे लोगों का विस्थापन और पर्यावरणीय क्षति भी हमारे हिस्से में. लेकिन अपने लोगों के विकास के लिए आर्थिक संसाधन जुटाने के अधिकार पर भी प्रतिबंध? इस व्यवस्था पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है.
अध्यक्ष महोदय, हमें यह भी याद रखना होगा कि खनिज संपदा असीमित नहीं है. कोयला, लौह अयस्क और अन्य खनिजों का एक बार खनन हो जाने के बाद उन्हें वापस नहीं लाया जा सकता है. एक दिन ये खदानें खाली हो जाएंगी. लेकिन झारखंड की जनता यहीं रहेगी. हमारे बच्चे और हमारी आने वाली पीढ़ियां इसी धरती पर रहेंगी. जब हमारी धरती से खनिज संपदा निकल चुकी होगी, तब हम अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए क्या छोड़कर जाएंगे?
यह प्रश्न केवल आर्थिक नहीं है. यह नैतिक प्रश्न भी है. हमारी जिम्मेदारी है कि सीमित प्राकृतिक संपदा से प्राप्त आय को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, आधारभूत संरचना और मानव संसाधन के विकास में निवेश कर स्थायी समृद्धि का निर्माण करें. इसके लिए राज्य के आर्थिक अधिकारों की रक्षा आवश्यक है.
अध्यक्ष महोदय, हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि झारखंड देश के विकास में अपना योगदान देने से कभी पीछे नहीं हटेगा. हम राष्ट्रीय हित और राज्य हित को एक-दूसरे का विरोधी नहीं मानते हैं. लेकिन हमारा मानना है कि राष्ट्रीय विकास तभी न्यायपूर्ण और टिकाऊ होगा, जब उसमें योगदान देने वाले राज्यों और उनके नागरिकों को भी विकास का समान अवसर मिलेगा.
हम कोई विशेष कृपा नहीं मांग रहे हैं. हम कोई रियायत नहीं मांग रहे हैं. हम अपने संवैधानिक अधिकारों, अपने संसाधनों में न्यायपूर्ण हिस्सेदारी और अपने लोगों के विकास के अवसरों की रक्षा की मांग कर रहे हैं.
हम चाहते हैं कि केंद्र और राज्यों के बीच संवाद हो. खनिज उत्पादक राज्यों की विशेष परिस्थितियों को समझा जाए. उनके आर्थिक हितों और विकास संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए न्यायसंगत व्यवस्था बनाई जाए. यही सहकारी संघवाद की वास्तविक भावना होगी.
अध्यक्ष महोदय, आज सदन के सामने राज्य सरकार का आधिकारिक संकल्प संख्या 2671 दिनांक 23 नवंबर 2026 है. इस संकल्प में राज्य सरकार ने MMDR Amendment Act, 2026 के कारण झारखंड को संभावित राजस्व हानि का आकलन दर्ज किया है और केंद्र सरकार से अधिनियम पर पुनर्विचार अथवा उसे वापस लेने का अनुरोध प्रस्तावित किया है.
यह राशि केवल एक लेखा संख्या नहीं है. यह अबुआ आवास से जुड़ा है. यह सर्वजन पेंशन से जुड़ा है. यह मंईयां सम्मान योजना से जुड़ा है. यह स्कूल, अस्पताल, सड़क, सिंचाई, छात्रवृत्ति, ग्रामीण विकास और हमारे पिछड़े क्षेत्रों के भविष्य से जुड़ा है.
इन परिस्थितियों में यह कहना गलत नहीं है कि राज्य की अपनी आय घटेगी तो जनकल्याण और विकास के लिए उपलब्ध वित्तीय संसाधन पर दबाव पड़ेगा.
अध्यक्ष महोदय, झारखंड की कहानी केवल खनिज की कहानी नहीं है. यह संघर्ष की कहानी है. यह भगवान बिरसा मुंडा की उलगुलान की धरती है. यह सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, तिलका मांझी, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी और अनगिनत शहीदों की धरती है. यह दिशोम गुरु शिबू सोरेन और झारखंड आंदोलन के हजारों कार्यकर्ताओं के संघर्ष की कहानी है.
हमारा अलग राज्य केवल नक्शे पर नई सीमा बनाने के लिए नहीं बना था. झारखंड आंदोलन के केंद्र में एक सवाल था—हमारे जल, जंगल, जमीन और संसाधनों पर यहां के लोगों का न्यायपूर्ण अधिकार कैसे सुनिश्चित हो?
आज संविधान दिवस पर उस ऐतिहासिक प्रश्न को आधुनिक संवैधानिक भाषा में समझने की जरूरत है. हम भारत के विरोध में अपने अधिकार नहीं मांग रहे. हम भारत के संविधान के भीतर अपने अधिकार मांग रहे हैं. झारखंड भारत है. हमारी ताकत भारत की ताकत है. हमारे खनिज भारत के विकास में जाते हैं—हमें इस पर गर्व है.
लेकिन संघवाद का अर्थ यह नहीं हो सकता कि संसाधन स्थानीय हों, नुकसान स्थानीय हो और लाभ लगातार दूर होते जाएं. सहकारी संघवाद तभी सार्थक है जब सहयोग दोनों दिशाओं में हो.
अध्यक्ष महोदय, आज मैं सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से आग्रह करना चाहता हूं कि इन प्रश्नों को किसी एक पार्टी के चश्मे से न देखें. आज जो सत्ता में है, कल वहां कोई और हो सकता है. इसीलिए संविधान व्यक्ति या सरकार की सुविधा के लिए नहीं बनाया गया; संविधान ऐसी संस्थागत सीमाएं बनाता है जो हर सत्ता पर समान रूप से लागू हों.
हमें ऐसी निर्वाचन व्यवस्था चाहिए जिस पर हारने वाला भी विश्वास कर सके. हमें ऐसी प्रक्रिया चाहिए जिसमें संवैधानिक संस्था की स्वतंत्रता पर अनावश्यक संदेह पैदा न हो. हमें ऐसी जवाबदेही चाहिए जिसमें ईमानदार पदाधिकारी निर्भय होकर काम करे, लेकिन संवैधानिक पद किसी राजनीतिक शक्ति का साधन भी न बन सके.
हमें ऐसी संघीय व्यवस्था चाहिए जिसमें केंद्र मजबूत हो, लेकिन राज्यों को कमजोर करके नहीं. और हमें ऐसा विकास चाहिए जिसमें उद्योग आगे बढ़े, लेकिन आदिवासी और स्थानीय समाज पीछे न छूटे.
अध्यक्ष महोदय, इसलिए आज संविधान दिवस के अवसर पर मैं इस सदन के माध्यम से कुछ व्यापक संवैधानिक आग्रह रखना चाहता हूं.
वर्तमान SIR प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक का नाम अंतिम सूची से हटाने से पहले स्पष्ट कारण, उचित नोटिस, वास्तविक सुनवाई तथा प्रभावी अपील का अवसर सुनिश्चित होना चाहिए. तकनीकी discrepancy को नागरिक की अपात्रता नहीं माना जाना चाहिए. Form-7 के दुरुपयोग के प्रत्येक प्रमाणित मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए—चाहे आरोपी किसी भी राजनीतिक दल का हो.
निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून की समीक्षा पर राष्ट्रीय चर्चा होनी चाहिए, ताकि चयन प्रक्रिया में कार्यपालिका से इतर स्वतंत्र संस्थागत भागीदारी को मजबूत करने के विकल्प पर गंभीर विचार हो सके.
MMDR के विषय में आज सदन के समक्ष प्रस्तुत राजकीय संकल्प को सर्वसम्मति से पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाना चाहिए, ताकि 2026 के संशोधन के संघीय और वित्तीय प्रभाव पर पुनर्विचार हो, झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों के हित सुरक्षित रहें और खनन प्रभावित समुदायों के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित हों.
हम अदालत का अधिकार अदालत से नहीं छीनेंगे. हम निर्वाचन आयोग का संवैधानिक कार्य निर्वाचन आयोग से नहीं छीनेंगे. हम संसद की विधायी शक्ति से इनकार नहीं करेंगे. लेकिन हम झारखंड विधानसभा की संवैधानिक जिम्मेदारी से भी पीछे नहीं हटेंगे.
अध्यक्ष महोदय, हमारी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में यह साबित किया है कि यदि नीयत साफ हो, नीति सही हो और अपने राज्य के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता हो, तो झारखंड के संसाधनों से झारखंड की जनता का भविष्य बदला जा सकता है.
मैं इस सदन के समक्ष कुछ महत्वपूर्ण आंकड़े रखना चाहता हूं. वर्ष 2020 में जहां राज्य का खनिज राजस्व मात्र 4,888 करोड़ रुपये था, वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 18,844 करोड़ रुपये हो गया.
- कोयले से प्राप्त राजस्व 3,039 करोड़ रुपये से बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये हो गया.
- लौह अयस्क से प्राप्त राजस्व 989 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,100 करोड़ रुपये हो गया.
- बॉक्साइट से प्राप्त राजस्व 110 करोड़ रुपये से बढ़कर 650 करोड़ रुपये हो गया.
- अन्य खनिजों से प्राप्त राजस्व 685 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,450 करोड़ रुपये हो गया.
इन आंकड़ों की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस अवधि में खनिज उत्पादन में मात्र 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि खनिज राजस्व में लगभग 286 प्रतिशत की वृद्धि हुई. अर्थात खनिज राजस्व लगभग चार गुना हो गया.
यह उपलब्धि केवल अधिक खनन करने से हासिल नहीं हुई है. हमने राजस्व की चोरी और रिसाव रोकने, प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा राज्य के वैधानिक अधिकारों का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया है. हमने झारखंड की संपदा को झारखंड की जनता के विकास का माध्यम बनाने का प्रयास किया है.
हमारा उद्देश्य स्पष्ट है. राज्य की आय बढ़ेगी, तो हमारे गरीब परिवारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. हमारी बेटियों को शिक्षा मिलेगी. हमारी माताओं-बहनों को आर्थिक संबल मिलेगा. हमारे किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी और हमारे नौजवानों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
माननीय अध्यक्ष महोदय, संविधान की प्रस्तावना में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की बात कही गई है. आर्थिक न्याय का अर्थ यह भी है कि जिन लोगों की जमीन, जंगल और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्धि का निर्माण होता है, वे स्वयं उस समृद्धि से वंचित न रहें.
झारखंड के आर्थिक अधिकारों की रक्षा किसी एक सरकार, किसी एक राजनीतिक दल या किसी एक कार्यकाल का विषय नहीं है. यह लगभग 4 करोड़ झारखंडवासियों के वर्तमान और भविष्य का विषय है. इसलिए मैं इस सदन के सभी माननीय सदस्यों से आग्रह करता हूं कि राज्य के संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों की रक्षा के प्रश्न पर हम सभी दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट हों.
सरकारें आती हैं, सरकारें जाती हैं. लेकिन राज्य रहता है, उसकी जनता रहती है और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारियां बनी रहती हैं.
अध्यक्ष महोदय, संविधान की रक्षा तब होती है जब एक गरीब का वोट सुरक्षित होता है. संविधान की रक्षा तब होती है जब एक आदिवासी महिला को अपनी पहचान बार-बार साबित नहीं करनी पड़ती. संविधान की रक्षा तब होती है जब चुनाव कराने वाली संस्था सत्ता से निर्भय और जनता के प्रति विश्वसनीय होती है. संविधान की रक्षा तब होती है जब राज्यों का सम्मान होता है. संविधान की रक्षा तब होती है जब विकास का लाभ उस धरती तक भी पहुंचता है जहां से देश की संपदा निकलती है. संविधान की रक्षा तब होती है जब सत्ता में बैठा व्यक्ति यह स्वीकार करता है कि वह संविधान से ऊपर नहीं है.
हमारा संघर्ष किसी संस्था को कमजोर करने के लिए नहीं है. हमारा संघर्ष संस्थाओं को इतना मजबूत बनाने के लिए है कि कोई सरकार उन्हें अपना औजार न बना सके और कोई पदाधिकारी अपने पद को संविधान से बड़ा न समझ सके.
हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं है. हमारी प्रतिबद्धता संविधान से है. हमारी प्रतिबद्धता झारखंड की जनता से है. हमारी प्रतिबद्धता उस लोकतंत्र से है जिसमें सबसे कमजोर नागरिक की आवाज भी उतनी ही मूल्यवान है जितनी सबसे शक्तिशाली व्यक्ति की.
बाबासाहेब और संविधान निर्माताओं ने हमें लोकतंत्र की यह विरासत सौंपी है. बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और हमारे आंदोलनकारियों ने हमें संघर्ष की विरासत सौंपी है. आज हमारी जिम्मेदारी है कि इन दोनों विरासतों को जोड़कर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत लोकतंत्र, मजबूत संघवाद और न्यायपूर्ण झारखंड छोड़कर जाएं.
अंत में मैं इस सदन से आग्रह करता हूं कि कल SIR पर व्यक्त भावना की तरह आज झारखंड के वित्तीय और संघीय अधिकारों के प्रश्न पर भी हम एक आवाज में बोलें और पेश किए गए संकल्प का समर्थन करें.
बहुत-बहुत धन्यवाद.
जय संविधान. जय झारखंड. जय हिंद. जोहार.


No comments yet. Be the first to comment!