जोहार लाइव ब्यूरो
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राजधानी रांची में विशाल संविधान रक्षा मार्च निकाला गया. इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया. संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा के संकल्प के साथ निकला यह मार्च डोरंडा से शुरू होकर पुराना हाईकोर्ट और हिनू चौक होते हुए बिरसा चौक पहुंचा. यहां मार्च एक जनसभा में तब्दील हो गया.

मार्च की शुरुआत डोरंडा स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई. इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य और झारखंड प्रभारी के. राजू, एआईसीसी सचिव एवं सहप्रभारी भूपेंद्र मरावी, अवनीश काजला और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
संविधान की रक्षा कांग्रेस की जिम्मेदारी
बिरसा चौक पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है. यह प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है. संविधान में निहित मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों तथा संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए जनता के साथ खड़ी रहेगी. संविधान के मूल सिद्धांतों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने युवाओं और समाज के सभी वर्गों से संविधान के आदर्शों के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
संविधान को भाषणों तक सीमित नहीं रखेगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संविधान दिवस पर निकाला गया यह मार्च केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का जनसंकल्प है. बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय का भरोसा दिया है.
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि वह जनता के बीच जाकर संविधान की रक्षा की आवाज बुलंद करे. कांग्रेस संविधान को केवल समारोहों और भाषणों तक सीमित रखने में विश्वास नहीं करती, बल्कि इसकी रक्षा के लिए संघर्ष और आंदोलन को अपनी जिम्मेदारी मानती है.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि राज्य के सभी जिलों से हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस का संगठन संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक न्याय के लिए यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा.
कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि हुए शामिल
संविधान रक्षा मार्च में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए. इनमें आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता, धीरज प्रसाद साहू, डॉ. इरफान अंसारी, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक निशात आलम, प्रदीप बलमुचू, अम्बा प्रसाद, बंधु तिर्की, सुबोधकांत सहाय, शहजादा अनवर, रमा खलखो, रवींद्र सिंह, राकेश सिन्हा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
मार्च के माध्यम से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करने का संकल्प दोहराया.


No comments yet. Be the first to comment!