जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र का दूसरा दिन कई रंग समेटा हुआ लगा. परंपरा के विपरीत शोरगुल कम, संवाद अधिक दिखा. आरोप-प्रत्यारोप से अधिक आंकड़ों की कलाबाजियां देखने को मिली. वाक-आउट की जगह वाकपटुता दिखी. मुंहा-मूंही बहस की जगह मुद्दों पर बहस दिखी.
कई बार तो लगा कि क्या विधानसभा अध्यक्ष विपक्ष की तरफ से बैटिंग कर रहे हैं, लेकिन जब संसदीय इतिहास की याद आई तो यही तो देश की संसद और देशभर के विधानसभाओं में होता रहा है. सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष को भी अपने अध्यक्ष से ही उम्मीद रही है और अध्यक्ष उनके हितों की रक्षा करते आ रहे हैं. हालांकि हाल के दिनों में ऐसे नजारे कम ही देखने को मिले हैं.
विशेष सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी चाईबासा में आयरन ओर की माइनिंग, घटते राजस्व और वहां के लोगों के लिए साफ पानी तक के न होने का जिक्र कर रहे थे और बता रहे थे कि वो तीन दिनों तक उन जंगलों में रहकर वहां के लोगों की परेशानियों को समझने की कोशिश की थी.
तिस पर चुटकी लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने माहौल को थोड़ा हल्का करते हुए संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर को संबोधित करते हुए कहा, चाईबासा के जंगल गए थे माननीय नेता प्रतिपक्ष. ऐसे दुरूह जगह जाएं, पूरा सुरक्षा के साथ जाएं. इसका भी तो व्यवस्था आपलोग कर दीजिये. ऐसी जगहों पर जाएं, तो पूरी सुरक्षा के साथ जाएं.
जवाब में संसदीय कार्यमंत्री ने कहा, नेता प्रतिपक्ष को आवश्यकता है क्या सुरक्षा की.
फिर विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देशित किया, उनको संरक्षित करने का काम आपका है. उनको (बाबूलाल मरांडी) भले ही नहीं हो सकता है. आपको सुरक्षा देना होगा.
मौका देख राधाकृष्ण किशोर ने बीजेपी को घेरा और कहा, उनकी सुरक्षा और सुविधा की चिंता राज्य सरकार को है. लेकिन हमारे देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सुरक्षा की चिंता केंद्र सरकार को नहीं है.
बाबूलाल के पास बैठे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह से रहा नहीं गया. चुटकी का जवाब चुटकी से ही दिया और कहा, अध्यक्ष महोदय सुरक्षा की चिंता आपने किया, ये अच्छी बात है. लेकिन केवल नेता विपक्ष की चिंता आपने किया, ये अच्छी बात नहीं है. राज्य के वित्त और संसदीय कार्यमंत्री को गाड़ी मिला कि नहीं मिला, ये सदन को स्पष्ट होना चाहिए. चूंकि इन्होंने गाड़ी लौटा दिया था.
मामला बढ़ता देख, फिर विधानसभा अध्यक्ष ने हस्तक्षेप किया और कहा कि सीपी बाबू उस मामले का पटाक्षेप हो गया है. अब रहने दीजिये.


No comments yet. Be the first to comment!