जोहार लाइव ब्यूरो
भारत की समृद्ध लोक एवं जनजातीय संस्कृति को संरक्षित करने की दिशा में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत संस्कृति स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (CCRT) ने एक खास पहल की है. CCRT की ओर से संथाल समुदाय की पारंपरिक नृत्य शैली, सांस्कृतिक पहचान और लोकजीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाई जा रही है. इसके लिए CCRT की टीम इन दिनों झारखंड और ओडिशा के दौरे पर है और अलग-अलग स्थानों पर फिल्मांकन कर रही है.
इस डॉक्यूमेंट्री के जरिए संथाल समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक नृत्य और लोक परंपराओं को दृश्य माध्यम से सहेजने की कोशिश की जा रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस विरासत से परिचित हो सकें.
संथाली अभिनेता दशरथ हांसदा दे रहे सहयोग
CCRT के अध्यक्ष विनोद नारायण इंदुरकर और निदेशक पपुंजय कुमार के संरक्षण में इस परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है. वहीं, उपनिदेशक (उत्पादन) संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में डॉक्यूमेंट्री का निर्माण हो रहा है.
इसमें विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रसिद्ध संथाली फिल्म अभिनेता दशरथ हांसदा सहयोग कर रहे हैं. उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संथाल नृत्य की सांस्कृतिक विशेषताओं और परंपराओं को बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है.
डॉक्यूमेंट्री के फिल्मांकन में शिवांगी रावत, राजकुमार सिंह और सुमित सचदेवा सहित पूरी टीम जुटी हुई है. फिल्म की शूटिंग में स्थानीय कलाकारों और पारंपरिक नृत्य समूहों का भी सहयोग लिया जा रहा है. वहीं, जाने-माने फिल्ममेकर के.पी. मौर्य इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन कर रहे हैं.
CCRT की यह पहल जनजातीय कला और संस्कृति को संरक्षित करने के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विविधता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
Also Read : 26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां : भाग 3 : सड़क, रेल, हवाई और ऊर्जा के क्षेत्र में कितना बदला राज्य


No comments yet. Be the first to comment!