AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां : भाग 3 : सड़क, रेल, हवाई और ऊर्जा के क्षेत्र में कितना बदला राज्य

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

विजय उरांव, जोहार लाइव संवाददाता

15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर अस्तित्व में आए झारखंड ने 26 साल के सफर में बुनियादी ढांचे की तस्वीर बदली है. जोहार लाइव की इस विशेष सीरीज की पहली कड़ी में शिक्षा और दूसरी कड़ी में स्वास्थ्य के बदलावों की पड़ताल की गई थी. अब तीसरी कड़ी में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और ऊर्जा क्षेत्र के आंकड़ों से समझिए कि राज्य गठन से लेकर अब तक झारखंड ने कितनी दूरी तय की है.

गठन के समय बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी. तब महज 26 प्रतिशत गांव (8,484) ही सड़कों से जुड़े थे, राष्ट्रीय राजमार्ग केवल 1,006 किलोमीटर थे, राज्य राजमार्ग 4,662 किलोमीटर थे और ग्रामीण इलाकों के करीब 10 प्रतिशत घरों तक ही बिजली पहुंची थी.

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

पिछले ढाई दशक में इस तस्वीर में बड़ा बदलाव आया है. सड़कों के जाल और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार के साथ नई रेल लाइनें बिछी हैं और रेल मार्गों का विद्युतीकरण हुआ है. रांची के बाद देवघर में एयरपोर्ट शुरू होने से संताल परगना को सीधा हवाई संपर्क मिला है, जबकि बिजली उत्पादन और पारेषण का दायरा भी गांवों तक पहुंचा है. रांची में रातू रोड, कांटाटोली और सिरमटोली-मेकॉन जैसे फ्लाईओवर शहरी बदलाव के उदाहरण हैं. राज्य के बुनियादी ढांचे में आए 26 प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं.

सड़क और पुल : गांवों से शहरों तक बढ़ा संपर्क

1. राज्य का सड़क नेटवर्क 15 हजार किलोमीटर के पार पहुंचा  : राज्य गठन के समय सड़कों का मुख्य ढांचा सीमित और जर्जर था. झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार राज्य का कुल सड़क नेटवर्क 2021 में 12,936 किलोमीटर था, जो 2025 में बढ़कर 15,046.52 किलोमीटर हो गया. चार वर्षों में ही इसमें 2,110 किलोमीटर से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई.

2. राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क साढ़े तीन गुना से अधिक बढ़ा  : गठन के समय झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई महज 1,006 किलोमीटर थी, जो अब बढ़कर 3,618 किलोमीटर हो गई है. ये राजमार्ग झारखंड को बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों व औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ते हैं.

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

3. राज्य राजमार्ग और प्रमुख जिला सड़कों का पुनर्गठन व विस्तार : गठन के शुरुआती वर्षों में दर्ज 4,662 किलोमीटर राज्य राजमार्गों के बड़े हिस्से को अपग्रेड कर राष्ट्रीय राजमार्ग बनाया गया. आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार वर्तमान में राज्य में 1,231.9 किलोमीटर राज्य राजमार्ग और 4,845.7 किलोमीटर प्रमुख जिला सड़कें हैं, जो जिला मुख्यालयों, प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ती हैं.

4. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 31,809 किलोमीटर सड़कें पूरी : गठन के समय ग्रामीण इलाकों में पक्की सड़कों का भारी अभाव था. गांवों को जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 34,634 किलोमीटर सड़कों में से 31,809 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है, जो स्वीकृत लंबाई का लगभग 92 प्रतिशत है.

5. 11 हजार से अधिक ग्रामीण बसावटों को पक्की सड़क से जोड़ा गया : राज्य गठन के समय कुल 32,620 राजस्व गांवों में से केवल 8,484 गांव (26 प्रतिशत) सड़क से जुड़े थे. वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 11,397 योग्य बसावटों में से 11,086 को पक्की सड़क से जोड़ा जा चुका है, जो कुल योग्य बसावटों का 97.27 प्रतिशत है.

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

6. वामपंथी उग्रवाद प्रभावित इलाकों में 2,173 किलोमीटर सड़क निर्माण : गठन के शुरुआती दशक में नक्सल प्रभावित दुर्गम इलाकों में सड़क निर्माण बड़ी चुनौती थी. विशेष योजना के तहत स्वीकृत 2,394 किलोमीटर सड़कों में से 2,173 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे दुर्गम गांवों तक प्रशासनिक पहुंच मजबूत हुई है.

7. शहरी क्षेत्रों में 5,537 किलोमीटर सड़क नेटवर्क : गठन के समय राज्य में 18 जिले और सीमित शहरी निकाय थे, जो अब 24 जिले और विस्तृत शहरी निकायों में बदल चुके हैं. आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार शहरी निकायों में कुल 5,537 किलोमीटर सड़क नेटवर्क है, जिसमें नगर निगम में 3,022 किलोमीटर, नगर परिषद में 1,660 किलोमीटर और नगर पंचायत क्षेत्रों में 855 किलोमीटर सड़कें शामिल हैं.

8. 10 किलोमीटर की यात्रा का औसत समय 42 से घटकर 28 मिनट हुआ : सड़कों की खराब स्थिति के कारण शुरुआती वर्षों में कम दूरी तय करने में भी लंबा वक्त लगता था. आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक 2014 में 10 किलोमीटर की यात्रा में औसतन 42 मिनट लगते थे, जो 2023 में घटकर 28 मिनट रह गया. हालांकि पूर्वी सिंहभूम में यह समय 29.7 मिनट और सिमडेगा में 57.6 मिनट दर्ज किया गया.

9. बड़ी नदियों पर पुलों के निर्माण से कटे हुए इलाकों का जुड़ाव : गठन के समय साहिबगंज, दुमका, पलामू और कोल्हान के कई इलाके बड़ी नदियों पर पुल न होने के कारण अलग-थलग थे. साहिबगंज में गंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल और राज्य की प्रमुख नदियों—सोन, स्वर्णरेखा, दामोदर, कोयल और मयूराक्षी—पर बने दर्जनों बड़े पुलों ने अंतर-जिला और अंतर-राज्यीय दूरी को कई घंटे कम कर दिया है.

रेल कनेक्टिविटी : नई लाइनें, विद्युतीकरण और आधुनिक स्टेशन

10. झारखंड में रेलवे रूट की लंबाई 2,648 किलोमीटर तक पहुंची : शुरुआती वर्षों में राज्य का रेल नेटवर्क मुख्य रूप से कोयला और खनिज ढुलाई वाले मार्गों तक सीमित था. भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार मार्च 2004 में रेलवे रूट की लंबाई 1,943 किलोमीटर थी, जो मार्च 2023 तक 705 किलोमीटर बढ़कर 2,648 किलोमीटर हो गई.

11. 2014 के बाद नई रेल पटरी बिछाने की रफ्तार दोगुने से अधिक : गठन के बाद शुरुआती वर्षों में नई रेल लाइनें बिछाने की गति धीमी थी. रेल मंत्रालय के अनुसार 2009-14 के बीच झारखंड से संबंधित क्षेत्रों में 287 किलोमीटर (औसत 57.4 किमी सालाना) नई रेल पटरी चालू हुई थी, जो 2014-25 के बीच बढ़कर 1,316 किलोमीटर (औसत 119.64 किमी सालाना) हो गई.

12. कोडरमा-रांची रेल लाइन से राजधानी को नया रेल संपर्क : गठन के समय राजधानी रांची का उत्तरी झारखंड और कोडरमा से सीधा रेल संपर्क नहीं था. लगभग 3,800 करोड़ रुपये की लागत से बनी 202 किलोमीटर लंबी कोडरमा-रांची नई रेल लाइन पूरी होने से रांची का उत्तरी हिस्से से सीधा जुड़ाव हुआ है.

13. मंदारहिल-दुमका-रामपुरहाट रेल लाइन पूरी : वर्ष 2000 में उपराजधानी दुमका रेल मानचित्र से कटा हुआ था. करीब 908 करोड़ रुपये की लागत से बनी 130 किलोमीटर लंबी मंदारहिल-दुमका-रामपुरहाट नई रेल लाइन ने संताल परगना को बिहार और पश्चिम बंगाल से सीधा जोड़ दिया है.

14. गिरिडीह-कोडरमा रेल लाइन से गिरिडीह को मिला बेहतर संपर्क : गठन के समय गिरिडीह केवल मधुपुर से जुड़ी एक पुरानी ब्रांच लाइन पर निर्भर था. करीब 404 करोड़ रुपये की लागत से बनी 111 किलोमीटर लंबी गिरिडीह-कोडरमा नई रेल लाइन ने इसे कोडरमा के रास्ते मुख्य ग्रैंड कॉर्ड रेल नेटवर्क से जोड़ा है.

15. रांची-लोहरदगा रेल लाइन का टोरी तक विस्तार : गठन के समय रांची-लोहरदगा मार्ग छोटी लाइन (नैरो गेज) थी और आगे टोरी तक नहीं जुड़ी थी. लगभग 665 करोड़ रुपये की लागत से 111 किलोमीटर लंबी इस लाइन के गेज परिवर्तन और टोरी तक विस्तार से राजधानी और पलामू प्रमंडल के बीच सीधी रेल यात्रा शुरू हुई है.

16. रेल लाइनों के विद्युतीकरण में बड़ा विस्तार : झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार वर्ष 2024 तक राज्य में 2,371.63 ट्रैक किलोमीटर रेल लाइन का विद्युतीकरण हो चुका था. इससे इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन बढ़ा और डीजल पर निर्भरता कम हुई है.

17. 26 रेल परियोजनाओं पर काम, 598 किलोमीटर पटरी चालू : रेल मंत्रालय के अनुसार 1 अप्रैल 2025 तक झारखंड से जुड़ी 47,729 करोड़ रुपये की 26 रेल परियोजनाएं (9 नई लाइन और 17 दोहरीकरण/मल्टी-ट्रैकिंग, कुल लंबाई 2,363 किलोमीटर) स्वीकृत थीं. मार्च 2025 तक इनमें से 598 किलोमीटर रेल लाइन चालू की जा चुकी थी.

18. 57 रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के 57 स्टेशनों—रांची, हटिया, टाटानगर, धनबाद, बोकारो स्टील सिटी, देवघर, दुमका, गिरिडीह, चक्रधरपुर, साहिबगंज, मधुपुर और कई छोटे शहरों के स्टेशनों—को आधुनिक बनाने के लिए चुना गया है. रेल मंत्रालय के अनुसार मार्च 2026 तक इनमें से 9 स्टेशनों का काम पूरा हो चुका था.

19. छोटे शहरों के स्टेशनों पर भी आधुनिक सुविधाएं और बढ़ा रेल बजट : जुलाई 2026 में पिस्का और मुरी स्टेशन के पुनर्विकास का उद्घाटन किया गया, जहां नया भवन, लिफ्ट और फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं. वहीं रेल मंत्रालय के अनुसार झारखंड की रेल परियोजनाओं के लिए औसत वार्षिक बजट आवंटन 2009-14 के 457 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 7,306 करोड़ रुपये हो गया.

हवाई कनेक्टिविटी : रांची के बाद देवघर को भी मिला एयरपोर्ट

20. देवघर एयरपोर्ट शुरू होने से संताल परगना को मिला हवाई संपर्क : गठन के समय झारखंड में केवल रांची का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ही परिचालन में था. 12 जुलाई 2022 को देवघर एयरपोर्ट शुरू होने से राज्य को दूसरा प्रमुख हवाई अड्डा मिला, जिससे बाबा बैद्यनाथ धाम के श्रद्धालुओं, स्थानीय कारोबार और एम्स देवघर के मरीजों को सीधा लाभ मिला है.

21. रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या 6.5 लाख से बढ़कर 27 लाख : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची में वित्त वर्ष 2014-15 में लगभग 6.5 लाख यात्रियों ने हवाई यात्रा की थी. एयरपोर्ट प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर लगभग 27 लाख पहुंच गई.

ऊर्जा : बिजली उत्पादन, ग्रिड नेटवर्क और सौर क्षमता

22. बिजली उत्पादन की स्थापित क्षमता 4,186 मेगावाट से अधिक : गठन के समय राज्य बिजली उत्पादन की भारी कमी से जूझ रहा था और 2002 में कुल बिजली खपत महज 6,778 गीगावाट घंटा थी. झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार दिसंबर 2025 तक कुल स्थापित उत्पादन क्षमता 4,186.66 मेगावाट हो गई, जिसमें ताप विद्युत 3,070.05 मेगावाट, नवीकरणीय ऊर्जा 776 मेगावाट और जलविद्युत 340.61 मेगावाट दर्ज की गई.

23. बिजली कनेक्शन के दायरे में 17.30 लाख से अधिक परिवार आए : जनगणना 2001 के अनुसार राज्य गठन के समय केवल 24.3 प्रतिशत घरों (ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 10 प्रतिशत) में बिजली कनेक्शन था, और 32,620 गांवों में से महज 14,667 गांव (45 प्रतिशत) ही विद्युतीकृत थे. सौभाग्य योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत 2017 से 2022 के बीच 17,30,708 घरों का विद्युतीकरण किया गया.

24. बिजली की कमी में 77 प्रतिशत से अधिक की गिरावट : गठन के बाद लंबे समय तक लोड शेडिंग बड़ी समस्या थी. आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 में पीक पावर की कमी 653 मेगावाट थी, जो वित्त वर्ष 2025-26 में दिसंबर तक घटकर 148 मेगावाट रह गई. यानी इसमें 77.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.

25. सौर और नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का विस्तार :  गठन के समय बिजली उत्पादन पूरी तरह कोयला और सीमित जलविद्युत पर निर्भर था. आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार मार्च 2025 तक नवीकरणीय ऊर्जा की स्थापित क्षमता 434 मेगावाट (210 मेगावाट सौर, 199.87 मेगावाट बायो-पावर और 4.05 मेगावाट लघु जलविद्युत) दर्ज थी, जो दिसंबर तक 776 मेगावाट हो गई. वहीं ज्रेडा (JREDA) की स्थापित सौर क्षमता वित्त वर्ष 2025-26 में 82.31 मेगावाट तक पहुंची, जिसमें 4.17 मेगावाट रूफटॉप सौर क्षमता शामिल है.

26. ग्रिड पारेषण नेटवर्क का विस्तार और भूमिगत केबलिंग की शुरुआत : वर्ष 2000 में राज्य का अपना ट्रांसमिशन नेटवर्क बेहद कमजोर था और शहरों में भी बांस-लकड़ी के खंभों व जर्जर तारों से बिजली आपूर्ति होती थी. पिछले 26 वर्षों में नए पावर ग्रिड सब-स्टेशनों व उच्च क्षमता की ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण से राज्य के भीतर बिजली पारेषण मजबूत हुआ है. साथ ही रांची और धनबाद जैसे शहरों में भूमिगत केबलिंग, एबी केबल और स्मार्ट मीटर लगने से तकनीकी व वाणिज्यिक नुकसान कम करने में मदद मिली है.

26 वर्षों में विस्तार, अब गुणवत्ता की चुनौती

1,006 किलोमीटर के राष्ट्रीय राजमार्ग, 26 प्रतिशत ग्रामीण सड़क संपर्क और 10 प्रतिशत ग्रामीण विद्युतीकरण वाले दौर से आगे बढ़कर राज्य ने सड़कों, पुलों, नई रेल लाइनों, दो प्रमुख एयरपोर्ट और मजबूत ऊर्जा नेटवर्क का आधार तैयार किया है.

हालांकि उपलब्धियों के साथ चुनौतियां भी बाकी हैं. आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक पथ निर्माण विभाग के अधीन चार और छह लेन वाली सड़कों की कुल लंबाई अभी महज 238 किलोमीटर है. 2010 के बाद एनएच-19 (बरही-गोविंदपुर 6-लेन), एनएच-20 (रांची-हजारीबाग व रांची-जमशेदपुर 4-लेन), रांची रिंग रोड और धनबाद की पहली 8-लेन सड़क ने रफ्तार जरूर पकड़ी है. लेकिन 187 किलोमीटर लंबे वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को 2028 तक पूरा करने, ओरमांझी-बोकारो व रांची-गुमला 4-लेन को पूरी तरह चालू करने, प्रस्तावित रांची आउटर रिंग रोड को जमीन पर उतारने और ग्रामीण व शहरी यात्रा समय के अंतर को पाटने की चुनौती अभी बाकी है. इसके साथ ही बिजली उत्पादन, वितरण और नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल में भी विस्तार की जरूरत है.

श्रमदान कर कच्ची सड़क बनाते ग्रामीण

जमीनी स्तर पर तस्वीर का एक दूसरा पहलू भी है. एक्सप्रेसवे और 6-लेन राजमार्गों के विस्तार के बीच खूंटी, गुमला, लातेहार, सिमडेगा, पलामू और हजारीबाग के कई सुदूर गांवों में आज भी बुनियादी सड़क और छोटी पुलिया की मांग बनी हुई है. बरसात में नदी-नालों पर पुल न होने से कई गांव प्रखंड और जिला मुख्यालयों से कट जाते हैं, जिससे गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को खाट या कंधे पर उठाकर अस्पताल ले जाने की तस्वीरें सामने आती हैं. कई इलाकों में ग्रामीण खुद श्रमदान कर कच्ची सड़कें और बांस के पुल बनाने को मजबूर हैं. वहीं, दूरदराज के ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना भी 26 साल के झारखंड के सामने एक बड़ी कसौटी है.

Also Read : 26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां: भाग-2 : स्वास्थ्य सेवाओं का बढ़ा दायरा, मातृ मृत्यु दर में 67 प्रतिशत की गिरावट

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More
💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More