जोहार लाइव ब्यूरो
विदेश से MBBS की पढ़ाई पूरी कर झारखंड में इंटर्नशिप कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है. अब रांची सदर अस्पताल में इंटर्नशिप करने वाले विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स (FMG) को भी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न की तरह स्टाइपेंड मिलेगा. राज्य सरकार ने इस पर मुहर लगा दी है. खास बात यह है कि इसका लाभ 1 जुलाई 2023 से मिलेगा.
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के नए फैसले के तहत राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के साथ सदर अस्पताल, रांची में इंटर्नशिप कर रहे विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स को भी समान दर से स्टाइपेंड दिया जाएगा. दरअसल, पहले जारी सरकारी आदेश में सदर अस्पताल का नाम शामिल नहीं हो पाया था. अब सरकार ने इस छूट को सुधारते हुए सदर अस्पताल को भी भुगतान के दायरे में ला दिया है.
पहले से पैसा मिला है तो दोबारा भुगतान नहीं
सरकार ने साफ किया है कि जिन छात्रों को किसी मेडिकल कॉलेज से पहले ही संबंधित अवधि का स्टाइपेंड मिल चुका है, उन्हें उसी अवधि के लिए दोबारा पैसा नहीं दिया जाएगा. इस पूरी व्यवस्था पर हर साल करीब 16.80 लाख रुपये खर्च होंगे. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के बजट से राशि दी जाएगी.
सरकार का यह फैसला राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के दिशा-निर्देशों और झारखंड हाईकोर्ट में दायर WP(C) No. 71/2025 से जुड़े मामले के संदर्भ में लिया गया है. इस केस में शुभम कुमार आर्य और अन्य याचिकाकर्ताओं ने राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग समेत अन्य पक्षों को प्रतिवादी बनाया था.
इस प्रस्ताव को 2 जुलाई 2026 को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में भी मंजूरी दी गई थी. अब नए संकल्प के बाद सदर अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स को भी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के छात्रों के बराबर स्टाइपेंड मिलने का रास्ता साफ हो गया है.

