रांची : राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत जिले में पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित तिथि और समय पर सभी कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित आयोजन करने और संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा.
जिला पंचायती राज, समाज कल्याण, कृषि, शिक्षा, खेल, जेएसएलपीएस और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों की पूर्व तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया.
विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो झानो आशीर्वाद अभियान और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा गया. योग्य लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया.
वीबी-जी राम जी योजना पर भी जोर
उपायुक्त ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत मैनडेज क्रिएशन और योजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर राज्य स्थापना पखवाड़ा की सभी तैयारियां पूरी करने को कहा.
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

