जादूगोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के हितकू पंचायत में यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) के नरवा पहाड़ प्रोजेक्ट के खिलाफ विस्थापितों और प्रभावित बेरोजगारों का आंदोलन जारी है. रोजगार की मांग को लेकर शुरू हुआ आमरण अनशन मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा. हितकू बजरंगबली चौक पर तीन युवक जालधर भूमिज, राकेश सिंह और विकास दास आमरण अनशन पर बैठे हैं. आंदोलन के केंद्र में परियोजना से प्रभावित स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और प्रभावित गांवों की रोजगार में भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग है.
विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघर्ष समिति की ओर से हितकू पंचायत के प्रभावित परिवारों के 30 युवाओं को रोजगार देने की मांग उठाई गई है.
बता दें, इस संबंध में 7 नवंबर को UCIL प्रबंधन और समिति के बीच वार्ता हुई थी. बैठक में प्रबंधन की ओर से तीन लोगों को नौकरी देने का प्रस्ताव रखा गया था. हालांकि, इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद समिति ने UCIL की गाड़ियों का अनिश्चितकालीन चक्का जाम शुरू कर दिया. 14 नवंबर से तीन युवकों ने आमरण अनशन भी शुरू कर दिया.
32 गांवों में रोजगार की हिस्सेदारी का मुद्दा
नरवा पहाड़ परियोजना के आसपास के 32 गांवों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का मुद्दा भी आंदोलन में शामिल है. प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को प्राथमिकता देने, स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय बेरोजगारों के लिए ठेका कर्मी के रूप में नियुक्ति की मांग की जा रही है. इसके साथ ही युवाओं के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण और कौशल विकास की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई है.
आंदोलन से जुड़ी मांगों में प्रभावित गांवों की बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा भी शामिल है. UCIL के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों में चिकित्सा सेवाएं और एंबुलेंस सुविधा बहाल करने, नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की गई है.
फिलहाल रोजगार के मुद्दे पर UCIL प्रबंधन और विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघर्ष समिति के बीच सहमति नहीं बन सकी है. चौथे दिन भी आमरण अनशन जारी रहने से क्षेत्र में आंदोलन को लेकर स्थिति बनी हुई है.
Also Read : पश्चिम बंगाल : न्यायाधीश पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप, अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही



