रांची। निशा भगत आत्महत्या मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी जांच तेज कर दी है. सोमवार को सीबीआई की टीम केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के आवास पहुंची और करीब 8 घंटे तक उनसे पूछताछ की. मंगलवार सुबह पूछताछ और जांच की कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम उनके घर से बाहर निकली.
अजय तिर्की के आवास पर सीबीआई की लंबी पूछताछ को इस मामले की जांच में अहम माना जा रहा है. हालांकि, पूछताछ के दौरान किन बिंदुओं पर सवाल किए गए और जांच एजेंसी को क्या जानकारी मिली, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
गौरतलब है कि 16 नवंबर को सीबीआई ने निशा भगत आत्महत्या मामले की जांच अपने हाथ में ली थी. इससे पहले यह मामला पिठोरिया थाने में दर्ज था. निशा भगत की मौत 6 नवंबर को हुई थी. मौत से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए अपनी परेशानी साझा की थी. उनके परिजनों ने मामले में प्रताड़ना और अन्य गंभीर आरोप लगाए थे. अब सीबीआई मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
Also Read : निशा भगत मामले में अजय तिर्की के घर पहुंची CBI की टीम, जांच शुरू



